सेंसेक्स में 750 अंक की गिरावट, निफ़्टी भी लुढ़का, आज ऑटो, IT और बैंकिंग शेयरों में लाल निशान

आज यानी 22 मई को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 750 अंक टूटकर 80,840 पर और निफ्टी 220 अंक लुढ़ककर 24,600 के नीचे पहुंच गया। ऑटो, आईटी और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से नुकसान बढ़ा। विदेशी बाजारों में कमजोरी और मुनाफावसूली की वजह से निवेशकों का सेंटिमेंट कमजोर पड़ा है।
Sensex

आज सेंसेक्स 750 अंक टूटकर 80,840 पर और निफ्टी 220 अंक लुढ़ककर 24,600 के नीचे पहुंच गया। शेयर बाजार में आज की तेज गिरावट कई फैक्टर्स की वजह से आई है। एक तरफ ग्लोबल मार्केट में गिरावट ने घरेलू बाजार को दबाव में डाला, वहीं दूसरी तरफ ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली ने सेंसेक्स और निफ्टी को बड़ी चोट दी। इंडसइंड बैंक का शेयर 4.25% गिरा, जबकि टाटा स्टील और रिलायंस में भी हल्की कमजोरी दिखी।

निफ्टी के 50 में से 35 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में आई वोलैटिलिटी ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। आज NSE के ऑटो, IT और बैंकिंग शेयरों में 1% तक की गिरावट है। जबकि, मीडिया मेटल में मामूली तेजी है।

ग्लोबल मार्केट में गिरावट का असर

दरअसल ग्लोबल बाजारों में कमजोरी का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ा। जापान का निक्केई 332 अंक गिरकर 36,967 पर बंद हुआ, जबकि कोरिया का कोस्पी 1.34% टूटा। अमेरिका का डाउ जोन्स 816 अंक गिरकर 41,860 पर बंद हुआ, जो बड़ी गिरावट मानी जा रही है। नैस्डैक और S&P 500 भी 1.5% से ज्यादा टूटे हैं। ये संकेत दे रहे हैं कि ग्लोबल मार्केट में फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर निवेशकों की चिंता और कंपनियों के कमजोर नतीजों का असर अब एशियाई बाजारों पर भी पड़ रहा है। इससे भारतीय निवेशक भी सतर्क हो गए हैं।

IPO बाजार में हलचल, दो कंपनियों पर नजर

इस गिरावट के बीच IPO बाजार में हलचल जारी है। बोराना वीव्स लिमिटेड का IPO आज यानी 22 मई को बंद हो रहा है और अब तक इसे 29.67 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। खास बात ये है कि रिटेल निवेशकों ने इसे 78 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब किया है। कंपनी 145 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है और इसके शेयर 27 मई को BSE और NSE पर लिस्ट होंगे। वहीं, बेलराइज इंडस्ट्रीज का IPO भी ओपन है और इसमें निवेश का दूसरा दिन है। कंपनी डीजल, पेट्रोल और EV व्हीकल्स के पार्ट्स बनाती है और 2,150 करोड़ जुटाने की योजना में है। यह दिखाता है कि गिरावट के बावजूद IPO सेगमेंट में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews