डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के ऐलान का एक बार फिर असर देखने को मिला है। भारतीय शेयर बाजार (share market) 7 अगस्त को गिरावट के साथ शुरू हुआ। आज सेंसेक्स में 300 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते कारोबार 80,300 के स्तर पर दिखाई दिया। जबकि निफ्टी की बात की जाए तो आज निफ्टी में भी 100 अंकों की फिसलन देखने को मिली, जिसके चलते कारोबार 24,500 के स्तर पर देखा गया। आज दोनों ही सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में नजर आए।

आज के कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट देखने को मिली, जबकि 6 शेयर तेजी के साथ कारोबार करते हुए दिखाई दिए। आज बैंकिंग, ऑटो और आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। यहां जानिए एशियाई बाजार का हाल और बीते दिन के कारोबार का पूरा लेखा-जोखा।

एशियाई बाजार में हरा निशान (share market) 

एशियाई बाजार के कारोबार पर नजर डाली जाए तो आज चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.12% की बढ़त के साथ 3,638 के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया है। जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स में आज 0.35% की बढ़त देखने को मिली है, जिसके चलते कारोबार 25,022 के स्तर पर देखा गया। वहीं कोरिया के कॉस्पी में आज 0.45% की तेजी नजर आ रही है, जिसके चलते कारोबार 3,212 के स्तर पर देखने को मिला है। इसके अलावा जापान का निक्केई भी आज 0.78% की तेजी के साथ 41,010 के स्तर पर कारोबार करता हुआ दिखाई दे रहा है। आज एशियाई बाजारों में तेजी का रुख नजर आ रहा है और सभी मार्केट बढ़त के साथ कारोबार करते हुए दिख रहे हैं। हालांकि भारतीय शेयर बाजार आज लाल निशान में कारोबार कर रहा है।

बीते दिन की गिरावट जारी

वहीं बीते दिन के कारोबार पर नजर डाली जाए तो 6 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार (share market) गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 166 अंक लुढ़क कर 80,544 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी भी 75 अंकों की गिरावट के साथ 24,574 के स्तर पर बंद हुआ था। बीते दिन बीएसई स्मॉल कैप में 1.14% की गिरावट देखने को मिली थी और यह 603 अंक गिरकर ₹52,228 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं बीएसई मिडकैप 1.00% की गिरावट के साथ 454 अंक गिरकर 45,142 के स्तर पर बंद हुआ था। बीते दिन एशियन पेंट्स, एचडीएफसी लाइफ और एम एंड एम में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 शेयर तेजी के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए थे।