
Tomato Price: टमाटर को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। थोक बाजारों में टमाटर के कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए सरकार ने 15 अगस्त से चुनिंदा स्थानों पर 50 रुपये में एक किलो टमाटर बेचने की घोषणा सोमवार को कर दी है। इस संबंध में निर्देश भी जारी किया गया है।
इन शहरों में सस्ते में मिलेगा टमाटर
15 अगस्त से दिल्ली-एनसीआर, उत्तरप्रदेश (वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ) , राजस्थान (कोटा, जयपुर) और बिहार (मुजफ्फरपुर, पटना, बक्सर और आरा) में कम रेट टमाटरों की बिक्री सरकारी संस्थाओं द्वारा की जाएगी।
50 रुपये में होगी टमाटर की बिक्री
बता दें कि इन स्थानों पर कुछ दिनों से उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा रियायती रेट पर टमाटर की बिक्री हो रही है। शुरुआत में टमाटर की कीमत 80 रुपये थी। बाद में इसे घटकर 70 रुपये/किलोग्राम कर दिया गया है। अब सरकार के निर्देशानुसार एनसीसीएफ और एनएएफईडी द्वारा 50 रुपये में टमाटर बेचेंगे।
अब तक खरीदा गया 15 लाख किलोग्राम टमाटर
हाल ही में आए आंकड़ों के मुताबिक एनसीसीएफ और NAFED ने कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र से टमाटर खरीदकर भेजा था। अब तक 15 लाख किलोग्राम टमाटर को खरीदा जा चुका है, जिसकी बिक्री प्रमुख खपत वाले खुदरा उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही है।

