केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सीबीएसई कक्षा 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए पोस्ट रिजल्ट सुविधाओं की घोषणा कर दी है। इससे संबंधित नोटिस आधिकारिक वेबसाइट http://www.cbse.gov.in पर जारी किया गया है। पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में तीन चरण शामिल होंगे। पहले चरण में छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई फोटोकॉपी के लिए आवेदन करना होगा। दूसरए चरण में मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्युएशन शामिल है।
पुनर्मूल्यांकन या री-चेकिंग और मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए केवल वे ही छात्र आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी के लिए आवेदन किया था। छात्रों को निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा। यूपीआई/क्रेडिट कार्ड/डेबिट कार्ड/नेट बैंकिंग के जरिए ही शुल्क भुगतान की अनुमति होगी। इस प्रक्रिया से संबंधित जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसका पालन करने छात्रों को करना होगा।
तारीख और फीस जानें
उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी के लिए आवेदन प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू होंगे। जिसकी अंतिम तारीख 1 सितंबर 2026 है। इसके लिए छात्रों को 100 रुपये प्रति विषय शुल्क का भुगतान करना होगा। मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्युएशन या दोनों के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से लेकर 8 सितंबर तक चलेगी। वेरिफिकेशन के लिए छात्रों को 100 रुपये प्रति आंसर बुक शुल्क का भुगतान करना होगा। जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये फीस लगेगी।
जरूर रखें इन बातों का ख्याल
सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रश्न पत्र और मार्किंग स्कीम जारी हो चुकी है। सबसे पहले मार्किंग स्कीम और प्रश्न पत्र का का प्रिंट आउट निकालकर अपने पास रख लें। मार्किंग स्कीम के आधार पर उत्तर पुस्तिकाओं को चेक करें। यदि इस दौरान कोई गलती मिलती है, तो छात्र स्पष्ट करें कि जवाब मार्किंग स्कीम से मेल खाने के बावजूद मार्क्स नहीं दिए गए हैं या जवाब मार्किंग स्कीम से मिलते-जुलते होने के बावजूद भी कोई मार्क्स नहीं दिए गए हैं। यदि कुछ और भी कहना चाहते हैं, तो इसे मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान स्पष्ट करें। इसके अलावा स्टूडेंट दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं।
री-इवैल्युएशन रिक्वेस्ट केवल थ्योरी के लिए ही स्वीकार किया जाएगा। वहीं यह पूरे प्रश्न के लिए होगा न कि प्रश्न के किसी भाग के लिए। पुनर्मूल्यांकन का स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों को पुनर्मूल्यांकन या रिजल्ट से जुड़ी किसी भी असत्यापित सोशल मीडिया पोस्ट अफवाह या किसी भी अनधिकृत सूत्र के मिली जानकारी पर भरोसा न करने की सलाह दी है। किसी प्रकार की अपडेट के लिए नियमित तौर पर सीबीएसई के आधिकारिक वेबसाइट या कम्युनिकेशन चैनल को विजिट करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर स्टूडेंट और अभिभावक सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय और हेल्पलाइन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।






