मैनेजमेंट कोर्सों के लिए DU में एडमिशन का तरीका बदला, अब इतने सब्जेक्ट का करना होगा चुनाव

अगर आप दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने का विचार कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। बता दें कि मैनेजमेंट से जुड़े कोर्स की पात्रता में यूनिवर्सिटी की ओर से बदलाव किया गया है। ऐसे में आपको इसकी जानकारी होना जरूरी है।
मैनेजमेंट कोर्सों के लिए DU में एडमिशन का तरीका बदला, अब इतने सब्जेक्ट का करना होगा चुनाव

दिल्ली यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन की तैयारी अब तेज हो गई है। यूनिवर्सिटी ने अपना नया एडमिशन इन्फॉर्मेशन बुलेटिन भी जारी कर दिया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अंडरग्रेजुएट कोर्स, जो मैनेजमेंट से जुड़े हुए हैं, उनके नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। दरअसल अब तक दिल्ली यूनिवर्सिटी में इन कोर्स में एडमिशन के लिए तीन विषयों के CUET स्कोर के आधार पर प्रवेश मिलता था, लेकिन अब छात्रों को चार विषयों के स्कोर के आधार पर एडमिशन लेना होगा। ऐसे में अगर आप डीयू में मैनेजमेंट कोर्स में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे हैं तो आपको अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा।

हालांकि अंडरग्रेजुएट कोर्स में दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन CUET के माध्यम से ही होगा, जिसे कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के नाम से जाना जाता है। इसी के जरिए यूनिवर्सिटी में छात्रों को एडमिशन मिलेगा। यूनिवर्सिटी की ओर से बैचलर इन मैनेजमेंट स्टडीज, बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट एनालिसिस और बीए ऑनर्स बिजनेस इकोनॉमिक्स जैसे कोर्स की पात्रता शर्तों में बदलाव किया गया है।

अब इस विषय को भी चुनना होगा

बता दें कि अब तक इन कोर्स में एडमिशन पाने के लिए छात्रों को एक भाषा विषय, गणित और जनरल टेस्ट के CUET स्कोर के आधार पर मेरिट में शामिल किया जाता था, लेकिन अब इन तीन विषयों के साथ एक और विषय जोड़ दिया गया है। अब छात्रों को एक डोमेन सब्जेक्ट में भी अच्छा स्कोर लाना होगा। अब कुल चार विषयों के CUET स्कोर के आधार पर छात्रों को मेरिट में शामिल किया जाएगा।

क्यों इसे जोड़ा जा रहा?

दरअसल संस्थान का कहना है कि जो छात्र मैनेजमेंट और बिजनेस की पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए डोमेन नॉलेज होना भी जरूरी है। केवल भाषा और गणित के आधार पर छात्र की तैयारी का पूरा आकलन नहीं किया जा सकता। इसी वजह से एक अतिरिक्त विषय जोड़ा गया है, जिससे यह देखा जा सके कि छात्र अपने चुने हुए क्षेत्र को कितनी अच्छी तरह समझता है।

छात्रों को सलाह

दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से छात्रों को सलाह दी गई है कि अगर वे डीयू में एडमिशन लेने का विचार कर रहे हैं तो एडमिशन बुलेटिन को ध्यान से पढ़ें। एडमिशन बुलेटिन में कोर्स की पात्रता, जरूरी विषय और CUET से जुड़े नियम साफ तौर पर बताए गए हैं। ऐसे में अगर आप भी एडमिशन लेना चाहते हैं तो आपको उसी कोर्स का फॉर्म भरना चाहिए, जिसमें आप पात्रता रखते हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने जानकारी दी है कि CUET परीक्षा के बाद यूनिवर्सिटी अपना एडमिशन पोर्टल खोलेगी, जिससे छात्र रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews