रविवार को गेट 2026 परीक्षा (GATE 2026) का अंतिम दिन रहा। एग्जाम खत्म होने के बाद उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी और रिजल्ट का इंतजार है। आईआईटी गुवाहाटी ने परिणाम के लिए संभावित तारीख घोषित कर दी है। आधिकारिक नोटिस के मुताबिक रिजल्ट 19 मार्च 2026 को जारी हो सकते हैं। जिसे उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट http://gate2026.iitg.ac.in पर जाकर चेक कर पाएंगे।
उत्तर कुंजी को लेकर कोई भी तारीख अब तक घोषित नहीं की गई है। लेकिन पिछले वर्षों के रुझानों को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि आंसर-की फरवरी महीने के तीसरे सप्ताह में जारी हो सकती हैं। इसके साथ रिस्पांस सीट और ऑब्जेक्शन पोर्टल भी खुलेगा। उम्मीदवार उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कर पाएंगे। इसके लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान भी करना पड़ सकता है।
कैसे करें स्कोर की गणना?
उत्तर कुंजी के जरिए उम्मीदवार अंकों की गणना कर सकते हैं। इससे स्कोर का अंदाजा मिलेगा। आंसर-की को रिस्पांस सीट से मिलाएं और मार्किंग स्कीम के अनुसार अंकों की गणना करें। प्रत्येक सही उत्तर पर एक या दो अंक मिलेंगे। एक अंक के प्रश्न के लिए 1/3 और दो अंकों के प्रश्न के लिए 2/3 नेगेटिव मार्किंग होगी। जिन प्रश्नों को अटेम्प्ट नहीं किया गया है, उसके लिए अंक नहीं काटे जाएंगे।
पिछले 3 वर्षों का ट्रेंड
पिछले साल गेट 2025 का आयोजन आईआईटी रुड़की द्वारा 1, 2, 15 और 16 फरवरी को किया गया था। उत्तर कुंजी 27 फरवरी को जारी हुई थी। उम्मीदवारों को 27 फरवरी से लेकर 1 मार्च 2025 तक आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया था। 2024 में परीक्षा का आयोजन 3, 4 ,10 और 11 फरवरी को हुआ था। प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पांस शीट 19 फरवरी को जारी हुई थी। उम्मीदवारों को 22 से लेकर 25 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करने का मौका मिला था। वहीं फाइनल आंसर की 25 मार्च को जारी की गई थी। 2023 में आईआईटी कानपुर ने परीक्षा का आयोजन 4,5, 11 और 12 फरवरी को किया था। आंसर-की 21 फरवरी को जारी हुई थी। उम्मीदवारों को 22 से लेकर 25 फरवरी तक आपत्ति दर्ज करने का मौका मिला था। रिजल्ट और फाइनल आंसर की एक ही दिन यानी 17 मार्च को जारी की गई थी।
ऐसे डाउनलोड करें उत्तर कुंजी
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर गेट आंसर-की 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलेगा। यहां एनरोलमेंट आईडी और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें।
- उत्तर कुंजी को चेक करें और डाउनलोड करें। भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार इसका प्रिंट आउट निकाल कर रख सकते हैं।
- जरूरत पड़ने पर “Raise Objection” के लिंक पर क्लिक करें।
- ऑब्जेक्शन प्रूफ भी सही फॉर्मेट में अपलोड करें।
- शुल्क भुगतान करें और डेड लाइन खत्म होने से पहले आपत्ति जमा करें।





