NEET UG 2024: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट यूजी को लेकर बड़ी घोषणा की है। एक बार फिर मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए एप्लीकेशन शुरू किए गए हैं। इस बात की जानकारी एनटीए ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट साझा करके दी है। साथ ही नोटिस भी जारी किया है। NTA ने सूचना में कहा, “हमे कई हितधारकों से से नीट यूजी के रजिस्ट्रेशन विंडो को दोबारा खुलने के अनुरोध प्राप्त हुए। जिसके आधार पर फिर से रजिस्ट्रेशन पोर्टल को खुलने का निर्णय लिया गया है।”

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

नए शेड्यूल के मुताबिक जिन भी उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया वे 9 से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन ऑफिशियल वेबसाइट https://exams.nta.ac.in/NEET/ पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। शुल्क भुगतान करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल (रात 11:50 बजे) है। बता दें कि नीट यूजी के लिए रजिस्ट्रेशन 16 मार्च 2024 को ही बंद हो गए थे। वहीं 20 मार्च तक उम्मीदवारों आवेदन में सुधार का अवसर दिया गया था।

पहचान के लिए कर पाएंगे इन दस्तावेजों का इस्तेमाल

कैंडीडेट्स नीट यूजी रजिस्ट्रेशन के दौरान लॉग इन और पहचान के लिए आधार कार्ड, डीजीलॉकर, ABC आईडी, पासपोर्ट, पैन कार्ड और स्कूल आईडी (फोटो के साथ) में से किसी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

एनटीए ने किया हेल्पडेस्क का गठन 

एनटीए ने नोटिस में छात्रों को ध्यानपूर्वक आवेदन पत्र भरने की सलाह दी है। क्योंकि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन का अवसर नहीं दिया जाएगा। आवेदन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उम्मीदवार 011-40759000 पर कॉल कर सकते हैं या neet@nta.ac.in पर मेल भेज सकते हैं।

5 मई को होगी परीक्षा

5 मई को देशभर के विभिन्न शहरों और देश के बाहर 14 शहरों में नीट यूजी परीक्षा का आयोजन होगा। एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक ऑफलाइन यानि पेन एंड पेपर मोड में होंगे।