बहन को परेशान करने पर नाबालिग भाई ने दो साथियों के साथ मिलकर किया था कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

बहन को परेशान करने पर नाबालिग भाई ने दो साथियों के साथ मिलकर किया था कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर, संजय अवस्थी। पुलिस ने हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। हत्या का मामला दो दिन पहले छतरपुर जिला मुख्यालय पर दिनदहाड़े सामने आया था। गुरूवार को एसपी सचिन शर्मा एवं एएसपी समीर सौरभ की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने मामले का खुलासा किया।

एएसपी समीर सौरभ ने कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में छतरपुर जिला मुख्यालय पर एक फरवरी को हुई 25 वर्षीय युवक वकील खान की हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि कुंजरेहटी में रहने वाले वकील खान की हत्या उसी के मोहल्ले में रहने वाले एक नाबालिग किशोर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। इन दोनों साथियों के नाम आरिफ खान उर्फ छोटू पिता हनीफ खान निवासी नारायणपुरा रोड एवं अरमान खान पिता अब्दुल रहमान उम्र 19 साल निवासी बड़ी कुंजरेहटी हैं। मुख्य आरोपी ने अरमान से चाकू लेकर हनीफ के जरिये पहले वकील खान को नारायणपुरा रोड पर साजिश के तहत बुलाया और यहां पर दोनों आरोपियों ने वकील पर चाकू से लगभग 15 वार किए और सिर पर एक पत्थर पटकते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। ओरछा रोड थाना प्रभारी माधवी अग्रिहोत्री के नेतृत्व में पुलिस ने नाबालिग आरोपी एवं आरिफ को मऊरानीपुर के समीप से गिरफ्तार किया जबकि चाकू उपलब्ध कराने वाले अरमान को उसके घर से पकड़ा गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि मृतक वकील खान नाबालिग आरोपी की बहन को परेशान करता था और शादीशुदा बहन का नंबर मांगकर उसे बेइज्जत करता था। इस बात को लेकर कई बार झगड़ा हो चुका था लेकिन वकील खान जब नहीं सुधरा तो इसी का बदला लेने के लिए नाबालिग आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में 48 घंटे के भीतर ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया। आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्यवाही की गई है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews