राष्ट्रीय रोलबॉल चैंपियनशिप में छतरपुर की बेटी आन्या करेगी मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनि​धित्व

chhatarpur news

Chhatarpur News : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से खेल के क्षेत्र में नई-नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आ रहीं है। हाल ही में छतरपुर जिले की बेटी आन्या मिश्रा 23 और 24 दिसंबर को अहमदाबाद (गुजरात) के नवरंग स्केटिंग रिंक नवरंगपुरा में रोलबॉल एसोसिएशन ऑफ गुजरात व रोलबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जा रही चौथी मिनी वेस्ट जोन राष्ट्रीय रोलबॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनि​धित्व करेंगी। आन्या की इस उपलब्धि से न केवल उनके माता-पिता ब​ल्कि संपूर्ण छतरपुर शहर और जिला गौरवा​न्वित है, और उनके शुभचिंतकों द्वारा शुभकामनाएं प्रे​​षित की जा रही हैं।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि चौथी मिनी वेस्ट जोन राष्ट्रीय रोलबॉल प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बालिका वर्ग की मध्यप्रदेश टीम का कप्तान निवाड़ी​ जिले के खनिज अधिकारी डॉ. अजय मिश्रा की सुपुत्री आन्या मिश्रा को बनाया गया है। बता दें कि इससे पहले आन्या दो बार मध्यप्रदेश की टीम से राष्ट्रीय रोलबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकी हैं।

आन्या मिश्रा की कप्तानी में मध्यप्रदेश की टीम की ओर से दर्शिता पाटीदार, भूमि पाटीदार, अनन्या श्रीवास्तव, मानसी नागर, कनिष्का जेमिनी और आद्या मित्तल प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाएंगी। इस दौरान उनके साथ कोच आशिक रसूल भी मौजूद रहेंगे। मध्यप्रदेश रोलबॉल संघ के सचिव सूर्यदत्त जोशी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
छतरपुर से सुबोध त्रिपाठी की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews