छतरपुर के धोरी गांव में सरकारी टीचर ने 6 छात्राओं से की छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार, मिड-डे मील विवाद का दिया हवाला

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में शिक्षक द्वारा 6 से अधिक छात्राओं से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत और हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक संजीव चतुर्वेदी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इसे अपने खिलाफ एक षड्यंत्र बताया है।
छतरपुर के धोरी गांव में सरकारी टीचर ने 6 छात्राओं से की छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार, मिड-डे मील विवाद का दिया हवाला

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के शिक्षक पर 6 से ज्यादा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। गुरुवार को जब छात्राएं रोते हुए घर पहुंचीं और अपनी आपबीती सुनाई, तो परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद गांव में तनाव फैल गया और पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला जिले के धोरी गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल का है। यहां पदस्थ 52 वर्षीय शिक्षक संजीव चतुर्वेदी पर छात्राओं ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चों के मुताबिक, शिक्षक क्लास में उन्हें अपनी गोद में बिठाते थे और उनके अंडरगारमेंट्स में हाथ डालते थे। इस तरह की हरकतें लंबे समय से चल रही थीं।

परिजनों का फूटा गुस्सा, स्कूल में हुआ हंगामा

गुरुवार दोपहर जब पीड़ित छात्राएं घर लौटीं तो उन्होंने परिवार वालों को बताया कि ‘मास्टर जी बहुत गंदी हरकत करते हैं’। यह सुनकर परिजन आगबबूला हो गए। गांव के कई लोग एकजुट होकर स्कूल पहुंच गए और शिक्षक संजीव चतुर्वेदी से जवाब-तलब करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक आरोपों से इनकार करता रहा, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस हेल्पलाइन डायल 112 पर सूचना दे दी। मौके पर पहुंची ओरछा रोड थाने की पुलिस ने शिक्षक को गुस्साई भीड़ से बचाया और उसे थाने ले आई। थाने के बाहर भी ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही थी।

आरोपी शिक्षक बोला- ‘मुझे फंसाया जा रहा है’

पुलिस पूछताछ में आरोपी शिक्षक संजीव चतुर्वेदी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसने दावा किया कि यह सब एक साजिश के तहत किया जा रहा है। शिक्षक के अनुसार, स्कूल में बनने वाले मिड-डे मील को लेकर कुछ स्थानीय लोगों से उसका विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। चतुर्वेदी साल 2019 से इस स्कूल में पदस्थ है।

धमकी देता था आरोपी, पुलिस कर रही जांच

ग्रामीणों ने बताया कि बच्चियों के अनुसार, शिक्षक उन्हें धमकी देता था कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो उनकी पिटाई करेगा और परीक्षा में फेल कर देगा। इसी डर से बच्चे लंबे समय तक चुप रहे।

“बच्चियों ने यह बात कई दिन पहले भी बताई थी। हमने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी जानकारी दी थी। आज जब हम स्कूल पहुंचे तो बच्चियों ने हमारे सामने फिर वही बात दोहराई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने कोई मारपीट नहीं की, सिर्फ सवाल-जवाब हुए थे।” — अंकित सिंह, उपसरपंच, धोरी गांव

पुलिस ने एक बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला जांच अधिकारी (SI) उमा परिहार ने कहा कि मामला गंभीर है और जांच अभी शुरुआती चरण में है। पुलिस टीम जल्द ही गांव और स्कूल जाकर अन्य छात्राओं और गवाहों के बयान दर्ज करेगी।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews