महिला के खाते में आई मुआवजा राशि देने के बदले मांगी रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी को 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा

पटवारी ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं दिए तो मुआवजा राशि खाते से वापस ले ली जाएगी। पीड़िता ने बताया कि पटवारी ने कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसा किया है।
Patwari arrested taking bribe

Patwari arrested taking bribe

छतरपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेगुवा क्षेत्र के हल्का पटवारी राहुल अग्रवाल को रंगे हाथों 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कलेक्ट्रेट परिसर के सामने की गई। आरोपी पटवारी केन-बेतवा लिंक परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले गांव की एक महिला से मुआवजे के नाम पर कुल 1 लाख 60 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

पीड़िता शगुंती बाई सौंर, निवासी नेगुवा ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि परियोजना के कारण उनके गांव के विस्थापन के मुआवजे के रूप में शासन द्वारा उनकी बेटी के खाते में साढ़े 12 लाख रुपये जमा किए गए थे। उसी दिन से पटवारी राहुल अग्रवाल उनसे इनाम के नाम पर 1 लाख 60 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

1 लाख 60 हजार रुपये की मांग की थी पटवारी ने 

आवेदन में महिला ने बताया कि पटवारी पहले ही 40 हजार रुपये ले चुका था और बाकी 50 हजार की डिमांड लगातार कर रहा था, शिकायती आवेदन मिलने के बाद लोकायुक्त की टीम ने सत्यता की जाँच की और रिश्वत मांगे जाने की बात सही निकली, पटवारी ने आज गुरुवार को शेष 50 हजार रुपये की दूसरी किस्त लेने के लिए महिला को कलेक्ट्रेट गेट पर बुलाया था। लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध ट्रैप कार्रवाई में उसे रिश्वत लेते दबोच लिया। इस घटना से जिले में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक अमले में भी खलबली देखी जा रही है।

50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ धरा गया पटवारी 

लोकायुक्त टीआई रोशनी जैन ने बताया कि शगुंती बाई की शिकायत पर सत्यापन किया गया। महिला  50 हजार रुपये देने आई थीं, जिसे पटवारी ने कलेक्ट्रेट गेट पर लिया और टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि पटवारी ने धमकी दी थी कि पैसे नहीं दिए तो मुआवजा राशि खाते से वापस ले ली जाएगी। पीड़िता ने बताया कि पटवारी ने कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसा किया है। लोकायुक्त ने बताया कि जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है उधर पटवारी राहुल अग्रवाल इसे एक साजिश बता रहा है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews