तीन हथियारबंद बदमाशों ने होटल में की तोड़फोड़, पैसे लूटे, सीसीटीवी में कैद घटना

तीन हथियारबंद बदमाशों ने होटल में की तोड़फोड़, पैसे लूटे, सीसीटीवी में कैद घटना

छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के बस स्टेण्ड पर तीन बदमाशों ने होटल बालाजी में रात साढ़े 12 बजे अवैध हथियारों के दम पर दहशत फैलाते हुए कर्मचारियों से मारपीट की और फिर होटल के लॉकर को तोड़कर इसमें रखे लगभग 30 हजार रूपए चोरी कर फरार हो गए। यह पूरी वारदात होटल में लगे दो सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई है जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

होटल संचालक आशीष पटवा ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े 11 बजे होटल बंद होते समय तीन बदमाश बाहर घूम रहे थे जो आपस में विवाद और गाली-गलौच कर रहे थे। होटल के स्टाफ ने जब इन्हें मना किया तो ये बदमाश स्टाफ से मारपीट पर उतारू हो गए और गाली-गलौच कर मौके से चले गए। रात करीब साढ़े 12 बजे जब होटल बंद हो चुका था तब तीनों बदमाश हाथ में रॉड लेकर एक बार फिर होटल पहुंचे। होटल का बाहरी कांच का दरवाजा रॉड से तोड़ा और रिसेप्शन पर बैठे कर्मचारी को रॉड दिखाकर भगा दिया। कर्मचारी जान बचाने के लिए सीढ़ियों से ऊपर की तरफ भागे तभी एक बदमाश ने रिसेप्शन का लॉकर तोड़कर इसमें रखी लगभग 30 हजार रूपए की रकम जेब में डाल ली और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद गुण्डों की करतूत

बालाजी होटल में हुई यह पूरी आपराधिक वारदात यहां लगे दो सीसीटीवी में कैद हुई है। साढ़े 11 बजे हुई घटना के अलावा रात साढ़े 12 बजे बदमाशों द्वारा किए गए हमले की एक-एक तस्वीर और लॉकर से पैसे निकालते बदमाश साफ देखे जा रहे हैं। पुलिस अब इन्हीं तस्वीरों के आधार पर आरोपियों को तलाश करने में जुटी है।

इनका कहना है

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के विरूद्ध मारपीट, चोरी, अवैध हथियारों का इस्तेमाल जैसी धाराओं में मुकदमा कायम किया गया है। आरोपियों के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अरविंद दांगी, टीआई कोतवाली

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews