छत्तीसगढ़ में बादल-बारिश और आंधी का दौर थम गया है। अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। खासकर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। 12 अप्रैल से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभागों में एक-दो स्थानों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुचंने की संभावना है।
रायपुर में शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) को आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम केंद्र, रायपुर के मुताबिक, वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर ओडिशा के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। ओडिशा और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर से लेकर तेलंगाना, रायलसीमा और आंतरिक तमिलनाडु से होते हुए मन्नार की खाड़ी तक फैली उत्तर-दक्षिण गर्त/पवन असंतुलन, समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर स्थित है। इसके असर से प्रदेश में अगले दो से तीन दिन प्रदेश में मौसम शुष्क व साफ रहने की संभावना है।







