Hindi News

छत्तीसगढ़ में 4708 शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी, CM साय ने की थी घोषणा

Written by:Saurabh Singh
Published:
राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने लंबे इंतजार के बाद 4708 शिक्षकों की भर्ती के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद जारी किया गया।
छत्तीसगढ़ में 4708 शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी, CM साय ने की थी घोषणा

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने लंबे इंतजार के बाद 4708 शिक्षकों की भर्ती के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद जारी किया गया। राज्य सरकार ने पहले चरण में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी

ज्ञात हो कि सरकार ने पहले 30 हजार शिक्षकों की भर्ती का बड़ा ऐलान किया था, लेकिन पहले चरण में लगभग 5 हजार पदों पर नियुक्ति की जाएगी। जारी आदेश के मुताबिक, व्याख्याता (कंप्यूटर) के 146 और योग प्रशिक्षक के 146 पदों को घटाकर शेष 4708 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुछ महीने पहले सुशासन तिहार के दौरान धमतरी में इस भर्ती की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए नए शिक्षकों की नियुक्ति आवश्यक है। उसी घोषणा के अनुरूप यह भर्ती प्रक्रिया अब शुरू की जा रही है। सरकार का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में कुल 30 हजार शिक्षकों की नियुक्ति पूरी करने का है, ताकि शिक्षण संस्थानों में जनशक्ति की कमी दूर हो सके।

तीनों श्रेणियों के पदों पर भर्ती होगी

सीजी टीचर भर्ती 2025 (CG Teacher Recruitment 2025) के तहत तीनों श्रेणियों — व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती होगी। शिक्षा विभाग ने भर्ती का विस्तृत ड्राफ्ट तैयार कर लिया है, और परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) को सौंपी गई है। व्यापम जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम और आवेदन की तिथियां जारी करेगा। विभाग ने बताया कि इस बार भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाएगा ताकि किसी भी तरह का विवाद न हो।

भर्ती आदेश जारी होने के बाद राज्य भर के शिक्षित युवाओं में उत्साह का माहौल है। जो अभ्यर्थी लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे थे, उन्होंने अब परीक्षा की तैयारी तेज कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएगा, बल्कि राज्य की शिक्षा प्रणाली को भी नई दिशा देगा। आने वाले महीनों में व्यापम की ओर से विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी होने की संभावना है।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews