धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दहदहा स्थित एक सरकारी माध्यमिक स्कूल में घटी एक हैरान करने वाली घटना ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। यहां कुछ सप्ताह पहले एक साथ 35 स्कूली बच्चों ने किसी नुकीली चीज से अपनी कलाई की नस काट ली थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद अब शिक्षा विभाग ने एक्शन लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के प्रिंसिपल पुनीत राम साहू को बच्चों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह घटना उस वक्त सामने आई जब एक अभिभावक ने अपने बच्चे के हाथ पर ब्लेड जैसे तेज धार वाले हथियार से काटने का निशान देखा। जब उन्होंने बच्चे से इस बारे में पूछा तो वह कुछ भी बता नहीं पाया। घबराए हुए अभिभावक बच्चे को लेकर स्कूल पहुंचे, जहां बात करने पर पता चला कि उनके बच्चे की तरह ही क्लास के अन्य कई बच्चों ने भी अपनी कलाई काटी है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
स्कूल में जांच करने पर यह बात सामने आई कि एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 35 बच्चों के बाएं हाथ की कलाई पर कटने के निशान थे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के घायल होने की खबर से स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में दहशत फैल गई। स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में अभिभावकों को बुलाकर एक बैठक की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। हालांकि, बच्चे ऐसा कदम क्यों उठा रहे हैं, इस बात को लेकर सभी डरे हुए हैं।
मनोवैज्ञानिकों की टीम ने की काउंसलिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग, मेडिकल टीम और मनोवैज्ञानिकों की एक संयुक्त टीम ने स्कूल का दौरा किया। 16 फरवरी को इन बच्चों और उनके माता-पिता के लिए एक विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। टीम ने बच्चों से बात कर उनके इस व्यवहार के पीछे की वजह जानने की कोशिश की और अभिभावकों को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
फिलहाल, बच्चों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रिंसिपल से जवाब मिलने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।






