सीएम साय की KITA के साथ अहम मुलाकात, कंपनियां छत्तीसगढ़ में खोलेगी निवेश के द्वार, युवाओं को मिलेगा रोजगार

KITA के चेयरमैन जिन सिक युन और वाइस प्रेसिडेंट किम की ह्यून ने छत्तीसगढ़ की नीतियों और संसाधनों में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि कोरियाई कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं और जल्द ही ठोस साझेदारी की दिशा में कदम उठाएंगे।
सीएम साय की KITA के साथ अहम मुलाकात, कंपनियां छत्तीसगढ़ में खोलेगी निवेश के द्वार, युवाओं को मिलेगा रोजगार

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सियोल में कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन (KITA) के चेयरमैन जिन सिक युन और वाइस प्रेसिडेंट किम की ह्यून से मुलाकात की। 77,000 से अधिक सदस्यों वाला KITA एशिया का अग्रणी व्यापारिक मंच है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024–30 पर प्रकाश डाला और प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन, निवेश, तकनीकी हस्तांतरण और कौशल विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि दक्षिण कोरिया के साथ छत्तीसगढ़ के न केवल व्यापारिक, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध भी हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संवाद छत्तीसगढ़ और दक्षिण कोरिया के बीच निवेश और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने कोरियाई कंपनियों को खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साय ने विश्वास जताया कि यह सहयोग छत्तीसगढ़ के युवाओं को आधुनिक उद्योगों में रोजगार के अवसर प्रदान करेगा और राज्य के औद्योगिक विकास को गति देगा। साथ ही, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।

छत्तीसगढ़ को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान

उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार निवेश-अनुकूल वातावरण, त्वरित स्वीकृतियों और मजबूत आधारभूत संरचना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साय ने कहा कि KITA के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने इस सहयोग से किसानों, श्रमिकों और स्थानीय उद्यमियों को होने वाले प्रत्यक्ष लाभ पर भी जोर दिया, जिससे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

कोरियाई कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर उत्साहित

KITA के चेयरमैन जिन सिक युन और वाइस प्रेसिडेंट किम की ह्यून ने छत्तीसगढ़ की नीतियों और संसाधनों में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि कोरियाई कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को लेकर उत्साहित हैं और जल्द ही ठोस साझेदारी की दिशा में कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि तकनीकी हस्तांतरण और कौशल विकास से छत्तीसगढ़ के उद्योगों की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे राज्य आर्थिक और सामाजिक प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूएगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews