Hindi News

सियोल में सीएम विष्णुदेव साय का निवेश आमंत्रण, कहा – छत्तीसगढ़ में आने से युवाओं, महिलाओं और किसानों को मिलेगा लाभ

Written by:Saurabh Singh
Published:
छत्तीसगढ़ में जल, ऊर्जा, लौह अयस्क, स्टील और बेहतर कनेक्टिविटी की उपलब्धता कोरियाई निवेशकों के लिए नए अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, व्यवसाय सुगमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिए हर निवेशक को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
सियोल में सीएम विष्णुदेव साय का निवेश आमंत्रण, कहा – छत्तीसगढ़ में आने से युवाओं, महिलाओं और किसानों को मिलेगा लाभ

दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन और निवेशकों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश की अपार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति 2024–30, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और मजबूत कनेक्टिविटी को निवेशकों के लिए आकर्षक बताया। साय ने कोरियाई ब्रांड्स जैसे एलजी, सैमसंग और हुंडई की भारत में लोकप्रियता का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश का आदर्श गंतव्य करार दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में जल, ऊर्जा, लौह अयस्क, स्टील और बेहतर कनेक्टिविटी की उपलब्धता कोरियाई निवेशकों के लिए नए अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, व्यवसाय सुगमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिए हर निवेशक को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। साय ने कहा कि राज्य खनिज, ऊर्जा, इस्पात, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी-स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में वैश्विक निवेश का स्वागत कर रहा है, जो युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए समग्र विकास को बढ़ावा देगा।

भारतीय राजदूत से हुई द्विपक्षीय चर्चा

दक्षिण कोरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सियोल में भारतीय दूतावास में भारत के राजदूत अमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान स्टील, खनिज, इलेक्ट्रॉनिक्स और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। साय ने कोरिया और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक और कारोबारी रिश्तों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान और उच्च मूल्य रोजगार के अवसरों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कोरियाई निवेशकों से छत्तीसगढ़ को अपने नए औद्योगिक निवेश स्थल के रूप में चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास मॉडल न केवल औद्योगिक प्रगति पर केंद्रित है, बल्कि यह युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए स्वावलंबन और किसानों के लिए बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने पर भी जोर देता है। इस कार्यक्रम में उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निवेश संवर्धन एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जो छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।