
छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरोंके लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवाली से पहले प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके तहत आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को लाभ मिलेगा। इस वृद्धि से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपए प्रतिमाह तथा 432 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा। बता दें कि इससे पहले जनवरी में महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, जिसके बाद जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर58 प्रतिशत हो गया था।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने साय सरकार से दीपावली से पहले केंद्र सरकार के समान लंबित 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) एरियर सहित देने की मांग की थी। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया था। अब सरकार ने महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि की है। इस वृद्धि के बाद अब भी राज्य और केंद्र के कर्मचारियों-पेंशनरों के बीच 3 प्रतिशत का अंतर है। चुंकी केंद्र के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई 2026 से 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत देने का फैसला किया गया है।
हमारी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत प्रदान करने के साथ ही उनके परिवारों में त्योहार की खुशियों और उल्लास को बढ़ाएगा।
विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय।
दीपावली से पहले हमारी सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनरों की महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि का निर्णय लिया है। आगामी 1 नवंबर से दोनों की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।
इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3.85 लाख कर्मचारियों और 1.50 लाख पेंशनरों को लाभ मिलेगा।
मुझे विश्वास है कि यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत देने के साथ ही उनके परिवारों के त्योहार की खुशियों को और बढ़ाएगा।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) October 29, 2026

