छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं की सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एक साथ 43 आईएएस अफसरों का तबादला (IAS Transfer) हुआ है। सचिव, संयुक्त सचिव, संचालक और आयुक्त समेत कई पदों के प्रभार में बदलाव हुआ है। सूरजपुर, बीजापुर समेत कई जिलों में नए कलेक्टर भी नियुक्त किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 6 मई 2026 को तबादले और नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया है।
ऋचा शर्मा को अपर मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें महानिदेशक, ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान और विकास आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। मनोज कुमार पिंगुआ को अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग पद की जिम्मेदारी मिली है। सुबोध कुमार को उनके वर्तमान कर्तव्य के साथ-साथ प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग और अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी का एडिशनल चार्ज सौंपा गया है।
इन जिलों में नियुक्त किए गए नए कलेक्टर
कोरिया के जिला कलेक्टर पद पर पुष्पा साहू को पदस्थ किया गया है। डॉ संतोष कुमार देवांगन को कलेक्टर जिला-गौरेला पेण्ड्रा, मरवाही पद पर पदस्थ किया गया है। संतन देवी जांगड़े को कलेक्टर महेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला पद पर नियुक्त किया गया है। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के नए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को सारनगढ़-बिलाईगढ़ जिला कलेक्टर पद पर नियुक्त किया गया है। बीजापुर कलेक्टर पद पर विश्वदीप को नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिला नया पदभार
- माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव पद पर रीना यादव को पदस्थ किया गया है।
- नगर पालिका निगम रायपुर के आयुक्त पद की जिम्मेदारी समित मिश्रा को सौंपी गई है। साथ ही वह संचालक स्मार्ट सिटी रायपुर का पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
- शहला निगार, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग के पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार की दिया गया है।
- वित्त विभाग के नए सचिव डॉ रोहित यादव होंगे। इसके अलावा वह जनसंपर्क विभाग के सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
- स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव पद की जिम्मेदारी कमलप्रीत सिंह को दी गई है।
- धार्मिक न्यायस एवं धर्मस्व विभाग के सचिव पद के प्रभार से अविनाश चंपावत को मुक्त कर दिया गया है। उन्हें उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर आर. शंगीता को नियुक्त किया गया है।
- सचिव, योजना आर्थिक एवं संख्यायिकी विभाग के पद पर भुवनेश यादव को पदस्थ किया गया है। उन्हें सचिव वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
- श्यामलाल धावड़े को आयुक्त रायपुर संभाग रायपुर के पद पर नियुक्त किया गया है।
- मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्रेडा पद पर सारांश मित्तर को नियुक्त किया गया है। उन्हें ऊर्जा विभाग के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
- रणबीर शर्मा को समाज कल्याण का नया संचालक बनाया गया है।






