छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 में शा​मिल होंगे PM मोदी, तैयारियां तेज, सीएम साय ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

1 नवंबर छत्तीसगढ़ के इतिहास का स्वर्णिम दिन है, क्योंकि वर्ष 2000 में इसी दिन राज्य का गठन हुआ था। इस वर्ष छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में भाग लेने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। जिनके आगमन की तैयारियां चल रही हैं। सीएम साय ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
PM Modi Visit Varanasi

PM Modi Visit Varanasi

1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य बने 25 साल पूरे कर रहा है और इसे सिल्वर जुबली ईयर के तौर पर मना रहा हैं। प्रदेश कई जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं तो वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को न्योता दिया है। छग स्थापना दिवस के मौके पर पीएम मोदी का आगमन होने जा रहा है। पीएम मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस दौरान प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक बने और प्रदेश की संस्कृति, आत्मगौरव एवं प्रगति की झलक हर स्थल पर दृष्टिगोचर हो। मुख्यमंत्री साय ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।

राज्योत्सव स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग क्षेत्र, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आमजन के लिए बनाए गए मार्गों की व्यवस्था का जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है, इसलिए यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और सुरक्षा, स्वच्छता तथा आमजन की सुविधा से जुड़े बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे और राजधानी में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन वे राज्य में रहकर पांच प्रमुख कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों में सत्य साई संजीवनी अस्पताल में 2500 बच्चों से मुलाकात, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के नए भवन का लोकार्पण, नए विधानसभा भवन का उद्घाटन, और ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण शामिल है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews