Hindi News

राहुल गांधी से आदिवासी नेताओं की मुलाकात, अलग धर्म कोड समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

Written by:Saurabh Singh
Published:
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक जनक ध्रुव समेत बस्तर और सरगुजा अंचल से आए आदिवासी प्रतिनिधि शामिल हुए।
राहुल गांधी से आदिवासी नेताओं की मुलाकात, अलग धर्म कोड समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र के आदिवासी नेताओं की दिल्ली में अहम बैठक हुई। बैठक में जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। नेताओं ने राहुल गांधी से लोकसभा में आदिवासियों के लिए अलग धर्म कोड की मांग को मजबूती से उठाने की अपील की। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधायक जनक ध्रुव समेत बस्तर और सरगुजा अंचल से आए आदिवासी प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान आदिवासी क्षेत्रों में लीडरशिप को मज़बूत करने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने की भी मांग की गई।

जंगल कटाई का मुद्दा उठा

छत्तीसगढ़ के विधायक जनक ध्रुव ने राज्य में आदिवासियों के जंगलों की अंधाधुंध कटाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में पेशा कानून का खुला उल्लंघन हो रहा है और आदिवासियों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। बस्तर और सरगुजा में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में झटका लगा था, जिसे लेकर आगामी चुनावों से पहले क्षेत्रीय नेतृत्व को मज़बूत करने की बात रखी गई।

फर्जी मुठभेड़ों में हत्या का आरोप

बैठक में नेताओं ने फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा भी उठाया, जिसमें आदिवासी समुदाय के निर्दोष लोगों के मारे जाने की बात कही गई। इन घटनाओं को आदिवासियों के खिलाफ सरकारी कार्रवाई बताया गया और राहुल गांधी से संसद में आवाज़ उठाने की अपील की गई। नेताओं ने आरोप लगाया कि आदिवासियों के विकास के लिए केंद्र से मिलने वाला फंड अन्य कार्यों में खर्च किया जा रहा है, जो उनके साथ अन्याय है। साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के अधिकार में कटौती जैसे गंभीर आरोप भी बैठक में उठाए गए।

वनवासी शब्द पर जताया विरोध

बैठक में भाजपा द्वारा आदिवासियों के लिए “वनवासी” शब्द के इस्तेमाल पर भी कड़ा विरोध दर्ज किया गया। आदिवासी नेताओं ने कहा कि यह समुदाय के अस्तित्व और अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा आदिवासियों को वनवासी कह रही है, जल्द ही उन्हें स्वर्गवासी कहे जाने की नौबत आ जाएगी।

केदार कश्यप का पलटवार

वहीं बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के वन मंत्री और भाजपा नेता केदार कश्यप ने कांग्रेस से तीखा सवाल पूछा। उन्होंने पूछा कि क्या दीपक बैज ने राहुल गांधी से यह सवाल किया कि छत्तीसगढ़ से किसी आदिवासी को राज्यसभा क्यों नहीं भेजा गया? उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासी समाज के साथ छल करने का आरोप लगाया।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews