रायपुर: राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन गुरुद्वारा में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिख संगत द्वारा आयोजित भव्य ‘होला मोहल्ला यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा के तहत लगभग 1200 श्रद्धालु 17 विशेष बसों, 2 ट्रकों और अन्य निजी वाहनों के काफिले के साथ महाराष्ट्र स्थित हजूर साहिब नांदेड़ और कर्नाटक के गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब, बीदर की तीर्थयात्रा पर निकले हैं।
यह आयोजन सिख समाज की गहरी आस्था और परंपरा का प्रतीक है, जिसे लगातार 25 वर्षों से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं को एक मंगलमय और सुरक्षित यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए अरदास
यात्रा को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ मत्था टेका और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
“सिख गुरुओं का त्याग, बलिदान और मानवता की सेवा का संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। गुरु गोबिंद सिंह जी से जुड़े पवित्र स्थलों पर आयोजित होला मोहल्ला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है।”- विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने सिख संगत के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि यह भव्य आयोजन लगातार 25वें वर्ष किया जा रहा है। उन्होंने इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए पूरे सिख समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं द्वारा स्थापित शौर्य और समर्पण की विरासत देशवासियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा समेत सिख समाज के कई प्रतिनिधिगण और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद थे। सभी ने मिलकर यात्रा की सफलता की कामना की।





