दक्षिण कोरियाई ModernTech और UNECORAIL को निवेश का आमंत्रण, युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर

साय ने UNECORAIL के सीईओ डोंग पिल पार्क के साथ बैठक में रेलवे अधोसंरचना विकास, स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी हस्तांतरण पर चर्चा की।
दक्षिण कोरियाई ModernTech और UNECORAIL को निवेश का आमंत्रण, युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान ग्रीन मोबिलिटी सॉल्यूशंस की अग्रणी कंपनी ModernTech Corp. और रेल रखरखाव समाधानों की प्रमुख कंपनी UNECORAIL को राज्य में निवेश और सहयोग के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वच्छ ऊर्जा, सतत परिवहन अधोसंरचना और मजबूत रेलवे नेटवर्क को प्राथमिकता दे रही है। साय ने विश्वास जताया कि इन कंपनियों के साथ साझेदारी से छत्तीसगढ़ की हरित ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स क्षमता को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने ModernTech Corp. से छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) चार्जिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य को स्वच्छ ऊर्जा और सतत परिवहन के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगी। औद्योगिक नीति 2024–30 के तहत हरित ऊर्जा और कार्बन उत्सर्जन में कमी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस यूनिट से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, साथ ही स्थानीय घटक निर्माण इकाइयों को प्रोत्साहन मिलेगा।

UNECORAIL के सीईओ डोंग पिल पार्क के साथ बैठक

साय ने UNECORAIL के सीईओ डोंग पिल पार्क के साथ बैठक में रेलवे अधोसंरचना विकास, स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग और तकनीकी हस्तांतरण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि UNECORAIL की विशेषज्ञता से छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क का रखरखाव और लॉजिस्टिक्स क्षमता मजबूत होगी, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और जनता को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। यह सहयोग राज्य के रेलवे ढांचे को आधुनिक बनाने और लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निवेशकों से छत्तीसगढ़ के विकास में भागीदार

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ सरकार पारदर्शी और सरल प्रक्रियाओं के साथ हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को अपनी नीतियों का आधार बना रहा है। साय ने निवेशकों से छत्तीसगढ़ के विकास में भागीदार बनने और इस परिवर्तनकारी यात्रा का हिस्सा बनकर राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। यह पहल छत्तीसगढ़ को हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन के राष्ट्रीय हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews