Hindi News

सरगुजा पैलेस में चोरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के आवास से पीतल की मूर्तियां ले उड़ा चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

Written by:Saurabh Singh
Published:
घटना के समय टीएस सिंहदेव विदेश दौरे पर थे और पैलेस में मौजूद नहीं थे। चोर पैलेस की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुआ और पैलेस के मुख्य गेट के सामने रखी पीतल की दो कीमती मूर्तियों को चुरा ले गया।
सरगुजा पैलेस में चोरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के आवास से पीतल की मूर्तियां ले उड़ा चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के सरगुजा पैलेस परिसर में चोरी की वारदात हुई है। यह घटना रविवार रात (3 अगस्त) को कोठीघर नामक भवन में हुई, जो पैलेस से सटा हुआ है। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दीवार फांद कर घुसा चोर

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय टीएस सिंहदेव विदेश दौरे पर थे और पैलेस में मौजूद नहीं थे। चोर पैलेस की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुआ और पैलेस के मुख्य गेट के सामने रखी पीतल की दो कीमती मूर्तियों को चुरा ले गया। इन मूर्तियों का वजन लगभग 15 किलो बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी सोमवार सुबह सामने आई, जब ब्रह्मपारा थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

सीसीटीवी फुटेज से चोर की तलाश

सरगुजा एसपी अमोलक सिंह ढिल्लों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी की वारदात सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट तौर पर कैद हुई है। पुलिस ने पैलेस के आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि जिस तरह से चोर पिछले हिस्से से प्रवेश करता है, उससे संकेत मिलता है कि वह घर की बनावट से अच्छी तरह वाकिफ था।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश

पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अब देखना होगा कि सरगुजा पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले को कितनी जल्दी सुलझा पाती है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews