मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। उमरानाला इलाके में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक यात्री बस ट्रक से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया है। कई अन्य घायलों के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे हुई। बस में कुल 41 लोग सवार थे। यह बस सौंसर में आयोजित हितग्राही कार्यक्रम से वापस लौट रही थी, जिस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। हादसे में बस और ट्रक, दोनों वाहनों के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने उमरानाला से छिंदवाड़ा जिला अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। कुल 6 एम्बुलेंसों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की खबर फैलते ही छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घायलों के परिजन लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

कांग्रेस ने उठाए व्यवस्थाओं पर सवाल, भाजपा सरकार को घेरा

घायलों का हाल जानने और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे भी छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा से व्यवस्थाओं को लेकर तीखी बहस हो गई।

विश्वनाथ ओक्टे ने भाजपा सरकार पर अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “हमने देखा कि भाजपा वाले बच्चों और लोगों को लेकर गए थे। मैं प्रशासन से कहना चाहूंगा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए, अन्यथा कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।”

वहीं, छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और अस्पताल के स्टाफ से बात कर घायलों के इलाज और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया।

प्रत्यक्षदर्शी मुन्ना पवार ने बताया कि ट्रक से जोरदार टक्कर होने के बाद ही बस पलटी। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर की मौत हुई है।