जॉइनिंग लेटर देने के बाद इनाम के रूप में मांगे 50000 रुपये, लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा, चार महिला आधिकारियों पर मामला दर्ज

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश हैं कि भ्रष्टाचारियों पर कड़ा एक्शन लिया जाये इसी का परिणाम है कि लोकायुक्त पुलिस लगातार रिश्वतखोरों को लगातार पकड़ रही है, आज चार महिला अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार की गई है ।
Four female officers arrested taking bribes

रिश्वतखोरी पर कड़े एक्शन के निर्देश का असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है, लोकायुक्त पुलिस की टीमें लगातार घूसखोरों को रंगे हाथ पकड़ रही हैं और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर रही हैं, आज जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने एक साथ चार महिला अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।

जानकारी के मुताबिक छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव तहसील की ग्राम उमरघोड निवासी पूजा उइके ने एक शिकायती आवेदन जबलपुर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिया जिसमें महिला एवं बाल विकास कार्यलय में पदस्थ अधिकारियों पर रिश्वत की मांग करने के आरोप लगाये।

नौकरी लगी, महिला अधिकारियों ने मांगी रिश्वत  

आवेदन में पूजा उइके ने बताया कि उसका महिला एवं बाल विकास विभाग में ग्राम उमरघोड में वरीयता के आधार परआंगनबाड़ी सहायिका के पद पर चयन हुआ था। आवेदिका को जॉइनिंग लेटर देने के बाद इनाम के रूप में परियोजना अधिकारी सीमा पटेल के कहने पर सुपरवाइजर लक्ष्मी पंडोल तथा बिंदु माहोरे के द्वारा 50000/- रुपये की मांग की जा रही है।

लोकायुक्त ने जुटाए रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण 

रिश्वत मांगे जाने की शिकायत का सत्यापन कराया गया जिसमें आवेदिका की बात सही साबित हुई , महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई, बातचीत में पहली क़िस्त के रूप में 20000/- रुपये आज 6 अक्टूबर को देना निश्चित हुआ।

परियोजना अधिकारी के कार्यालय में ही ली रिश्वत 

पुख्ता सबूत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने ट्रैप प्लान की और फिर निर्धारित समय पर आवेदिका को बुलाये गए स्थान कार्यालय परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास परियोजना, जुन्नारदेव रिश्वत लेकर भेजा, आवेदिका पूजा ने जैसे ही रिश्वत की राशि की पहली क़िस्त 20000/- रुपये सुपरवाइजर आरती आम्रवंशी को दी पहले से बाहर तैयार लोकायुक्त पुलिस की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

चार महिला अधिकारियों पर मामला दर्ज 

चूँकि इस मामले म्वें रिश्वत की मांग करने वालों में चारों शामिल थी इसलिए लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने चारों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण  अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,13(1)B, 13(2),12 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews