
Dabra News : मध्य प्रदेश के डबरा में दबंगों का आतंक देखने को मिला। दरअसल, दबंगों ने एक महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी है। इस घटना के बाद पीड़ित महिला ने अपनी सुरक्षा के लिए एसडीएम के पास जाकर न्याय की गुहार लगाई है। बता दें कि फरियादी महिला वर्तमान फौजी की पत्नी है।

देहात थाना क्षेत्र का मामला
दरअसल, मामला डबरा देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 बरोठा गांव का है, जहां कुछ दबंगों ने पीड़ित महिला मिथिलेश परिहार के घर घुसकर उसे डराया-धमकाया और उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित महिला का कहना है कि उनके पति रामकुमार परिहार एसएफ फोर्स में नौकरी करते हैं, जो अभी ड्यूटी पर बाहर तैनात है। फिलहाल, वह अपनी तीन बेटी और एक बेटा के साथ रहती हैं। तभी बीती रात संतोष परिहार कुछ दबंगों के साथ वहां आए और उन्हें गालियां दी, उनको बेइज्जत किया। पीड़ित ने बताया कि दबंग रेत माफिया है, जो अपने गुंडों के साथ कट्टा-बंदूक लेकर आए थे और कह रहे थे कि अपनी बेटियों के साथ बाहर निकलो। जब वह बाहर निकलकर नहीं आई, तो अवैध हथियार दिखाते हुए दबंगों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी।
SDM से की शिकायत
इसके बाद महिला ने डायल 100 पर कॉल करके इसकी सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना कुछ कार्रवाई किए महिला को थाने आने को कहा। महिला ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि जब वह शिकायत करने थाने पहुंची, तो पुलिस ने उनकी फरियाद नहीं सुनी और ना ही उनकी रिपोर्ट दर्ज की, बल्कि उन्हें थाने से भगा दिया गया। तब जाकर वह इसकी शिकायत करने एसडीएम के पास गई। महिला ने कहा कि उनके पति देश की रक्षा के लिए बाहर ड्यूटी पर तैनात हैं, लेकिन उनके परिवार की रक्षा कोई नहीं कर रहा है।
[dgv_vimeo_video id=”1012487419″]
[dgv_vimeo_video id=”1012488352″]
डबरा, अरुण रजक
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

