Nasha Mukt Bharat: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डबरा में 37.273 किलो गांजा और कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

डबरा पुलिस ने 37 किलो 273 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक कार भी जब्त की गई है।  मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। 
Dabra News

अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ रविवार को ग्वालियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने डबरा सिटी थाना की टेकनपुर चौकी क्षेत्र से 37 किलो 273 ग्राम गांजा जब्त किया है। गांजा तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3.70 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ऑल्टो कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर शहर भर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके के तहत टेकनपुर चौकी प्रभारी को चुरली नहर रोड पर एक संदिग्ध ऑल्टो कार खड़ी होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस दौरान कार में सवार दो लोगों से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी और सीट के बीच रखी तीन प्लास्टिक की बोरियों से कुल 37.273 किलो गांजा बरामद हुआ।

आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मतयाफ सिंह जाटव (50) निवासी ग्राम रई, थाना हरेसी, जिला मुरैना और मुलायम सिंह रावत (35) निवासी ग्राम बड़ागांव, थाना बेलगढ़ा, जिला ग्वालियर (हाल निवासी कृष्णा कॉलोनी, गुड़ा, ग्वालियर) के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क के जुड़े अन्य लोगों का खुलासा भी हो सकता है।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews