
Damoh News : मध्य प्रदेश का दमोह जिला आए दिन मीडिया में चर्चा का विषय बना रहता है। तमाम कोशिशों के बावजूद भी यहां बदमाशों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। वह खुलेआम पुलिस को चुनौती भी देते हुए नजर आते हैं। जिसका एक ताजा मामला हाल ही सामने आया है, जब पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दरअसल, मामला हटा थाना क्षेत्र का है। जब पुलिस ने मुखबिर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर गौरी शंकर वार्ड में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान दो स्थानों से अवैध पटाखों के कुल 52 कार्टून जब्त किए गए हैं। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
नहीं मिले वैध दस्तावेज
बता दें कि एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना क्षेत्र में टीम बनाकर ऐसी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हटा थाना क्षेत्र की पुलिस को भी सफलता हाथ लगी है। पहली छापेमार करवाई विनय तंतवाय के गोदाम में की गई, जहां से 35 कार्टून बरामद हुए, तो वहीं दूसरी कार्रवाई प्रेमवती असाटी के गोदाम से की गई, जहां से 17 कार्टून पटाखे बरामद हुए हैं। पूछताछ करने पर दोनों के पास से पटाखों का कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।
मामला दर्ज
फिलहाल, पुलिस ने खिलाफ धारा 287, 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जब्त किए गए पटाखों की कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ऐसी कार्रवाई निरंतर आगे जारी रहेगी, ताकि जिले में चल रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
[dgv_vimeo_video id=”1018915650″]
दमोह, दिनेश अग्रवाल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

