चित्रकार ने अपनी कूची से दिया कोरोना से बचाव का संदेश, सड़क पर बनाया चित्र

चित्रकार ने अपनी कूची से दिया कोरोना से बचाव का संदेश, सड़क पर बनाया चित्र

दमोह/गणेश अग्रवाल

कोरोना के खिलाफ जंग में हर कोई अपनी तरफ से योगदान कर रहा है। जहां डॉक्टर्स इलाज कर रहे हैं, पुलिस व्यवस्था संभाल रही है, प्रशासन नीतियां बना रहा है वहीं कलाकार अपने तरीके से इस महामारी के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं। ऐसा ही नजारा देखने को मिला दमोह के पथरिया में, जहां एक चित्रकार ने अपनी चित्रकला से कोरोना संक्रमण को कैसे दूर किया जा सकता है इसका प्रदर्शन किया।

चित्रकार देवेंद्र प्रजापति ने पथरिया की सड़क पर बीचों बीच एक खूबसूरत चित्र बनाया है जिसमें कोरोना संक्रमण से बचने का उपाय बताए जा रहे हैं। ये चित्रकार कोरोना के संक्रमण से बचने के उपाय के लिए अपनी तूलिका को सड़कों पर ले कर आ गए हैं। उन्होने सड़क पर चित्र के माध्यम से संदेश देते हुए जानकारी दी है कि इस संक्रमण से कैसे बच सकते हैं। वह एक छाते को प्रतीक बनाकर पुलिस, डॉक्टर, मीडिया और सफाई कर्मियों को इस संक्रमण से बचाने वाला बता रहे हैं। साथ ही घरों से बाहर ना निकलने, सामाजिक दूरी बनाए रखने, मास्क लगाने और हाथों को सैनिटाइज करने का संदेश भी अपने चित्र के माध्यम से दिया है।

इस चित्रकार का संदेश है कि इन सावधानियों को रखकर ही हम पूरी दुनिया को कोरोना के संक्रमण से बचा सकते हैं। इस कलाकार की बेहतरीन कला का निरीक्षण करने के लिए पथरिया के तहसीलदार आलोक जैन ने भी पहुंचकर चित्रकार को साधुवाद दिया तथा इस मुहिम में आगे आने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं चित्रकार देवेंद्र का कहना है कि उनके मन में इस संक्रमण से बचने के लिए जो चित्र आया वह उसने सड़क के बीचों बीच उकेरा है जिससे यहां से गुजरने वाला हर एक व्यक्ति इसके संदेश को समझ सके।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews