दतिया में सीएम मोहन यादव का रोड शो आज, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी रहेंगे साथ, भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 30 जुलाई को वोटिंग

दतिया उपचुनाव को लेकर प्रचार अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद 30 जुलाई को वोटिंग होगी और 3 अगस्त को नतीजे आएंगे। आखिरी दौर में बीजेपी और कांग्रेस जीत के लिए एडी से चोटी का जोर लगाने में जुटी है।
CM Mohan Yadav

दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे कांग्रेस-भाजपा दोनों ही पार्टियां जीत का परचम लहराने और मतदाताओं को लुभाना के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। वोटिंग और चुनाव प्रचार थमने से पहले कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेता दतिया में डेरा जमाए हुए हैं।  आज, सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दतिया जाएंगे।

यहां वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में एक विशाल रोड शो करेंगे। यह रोड शो मां पीतांबरा शक्तिपीठ के पश्चिमी द्वार से शुरू होकर भैरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला जाएगा। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल होंगे। इससे पहले 25 जुलाई शनिवार को मुख्यमंत्री ने 2 सभाएं की थी। 14 दिनों में यह तीसरी बार है जब मुख्यमंत्री दतिया पहुंचेंगे।

मध्य प्रदेश की चर्चित सीटों में शुमार दतिया विधानसभा में 30 जुलाई 2026 को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव प्रचार 28 जुलाई 2026 को थम जाएगा, ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।  निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार , मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे दतिया पहुंचेंगे। पहले वे मां पीतांबरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर शाम 5 बजे सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद विशाल रोड शो में शामिल होंगे।

बता दें कि राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने से यह सीट रिक्त हुई है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दतिया उपचुनाव का मुख्य चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति और सघन जनसंपर्क की कमान संभाले हुए हैं। दतिया उपचुनाव जीतना दोनों ही पार्टियों के लिए साख का सवाल है और वे जीत के लिए पूरी ताकत भी झोंक रही है। हालांकि इसकी निर्णायक जनता है, जिसका फैसला सर्वमान्य होगा। बता दें कि कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews