दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह की बढ़त को जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए भाजपा पर चुनाव के दौरान सत्ता और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सभी प्रयासों के बावजूद मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला सुनाया है।
पीसी शर्मा ने कहा कि “पब्लिक सब जानती है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं और जनता ने उनकी सादगी को स्वीकार किया है। उन्होंने दावा किया कि अंतिम परिणाम में कांग्रेस 10 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल करेगी।
पीसी शर्मा ने कांग्रेस की जीत का दावा किया
कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने एएनआई से बात करते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को उम्मीद थी कि 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी, लेकिन भाजपा ने तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारकर उसे फ़ाइनेंस किया और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्री और भाजपा के कई विधायक दतिया में डटे रहे लेकिन इसका जनता पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि दतिया के मतदाताओं ने 2023 की तरह इस बार भी कांग्रेस पर भरोसा जताया है।
कांग्रेस की बढ़त को जनता का फैसला बताया
उन्होंने हाल के राजनीतिक आंदोलनों का भी उल्लेख किया। पीसी शर्मा ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर और भोपाल में हुए प्रदर्शनों ने यह संदेश दिया है कि अब जनता के फैसलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और किसानों के मुद्दों पर सरकार को झुकना पड़ा, उसी तरह दतिया में भी जनता की इच्छा मत है कि कुंवर घनश्याम सिंह ही विधायक बनें। बता दें कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। यह उपचुनाव पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी। उन्हें एक धोखाधड़ी मामले में दो साल से अधिक की सजा मिली थी। दतिया उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस, दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है।






