नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर लगाया जनकल्याणकारी योजनाएं बंद करने का आरोप, जनता से बीजेपी का साथ देने की अपील

Narottam Mishra

Narottam Mishra appealed to support BJP : भाजपा प्रत्याशी व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा मंगलवार को ग्राम नंदपुर सहित कई गांवों में पहुंचे। यहां उन्होने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होने कहा कि उसे गाँव, गरीब व महिला सम्मान से कभी कोई लेना देना नहीं रहा है। आज आप सम्मान से जी रहे हैं लेकिन अगर आपने गलती से भी कांग्रेस को जिता दिया तो वह तो जीत जाएंगे, लेकिन आप खुद हार जाओगे।

कांग्रेस पर जड़े आरोप

नरोत्तम मिश्रा आज सबसे पहले  ग्राम नंदपुर पहुंचे। उसके बाद उन्होंने ग्राम सेपुरा व बाम रोल पहुंचकर जनसंपर्क किया और सभाओं को संबोधित किया। गांवों में पहुंचने पर उनका जगह जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है। आज ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। वे भी सभी से आत्मीयता से मिले और दीपपर्व की शुभकामनाएं देते हुए सीधा संवाद किया। वहीं नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो सेवा नहीं सत्ता के लिए राजनीति करती है। उसने कभी भी गाँव गरीब व महिला सम्मान के लिए काम नही किया। उल्टे वह सत्ता में आते ही गरीब, किसान और महिला सम्मान की सारी योजनाए बंद कर देती है। उन्होने कहा कि कांग्रेस का  चरित्र भी आपको पता है लेकिन इसके बाद भी आप उनके झूठ के मायाजाल में फंस जाते हो। बार बार यही गलती दोहराते भी हो, लेकिन याद रखना इस बार यह गलती की तो  हो सकता है कांग्रेस  जीत जाए लेकिन आप खुद हार जाओगे। इसलिए यह गलती भूल से भी नही करना है।

बीजेपी का साथ देने की अपील

उन्होने कहा कि किसी गाँव में मुझे कम वोट मिलते है किसी गाँव में ज्यादा। लेकिन मैंने कभी विकास में भेदभाव नहीं किया। जिस गाँव से मैं हारास वहां भी मैंने उतने ही काम कराए जैसे अन्य गाँवों में कराए है। उन्होने कहा कि पूरे समय प्राणपण से आपकी सेवा में जुटे रहने के बाद आपके लिए जान की बाजी तक लगाने के बाद जब आपका वोट भ्रम में पड़कर गलत जगह जाता है तो पीड़ा तो होती है। आप जानते हैं, कोरोना काल में जब अपनों तक ने साथ छोड़ दिया था तब भी मैं अपने परिवार के साथ अस्पताल में आपके साथ खड़ा रहता था। यहीं पास के गाँव कोटरा में जब बाढ़ आई थी और 9 लोग उसमे फंस गए थे और उनके अपने उन्हें छोड़कर भाग गए थे तब जान की बाजी लगाकर मैं उन्हें बचाने गया था। उन्होने कहा कि आप जनता जनार्दन हो। आपका फैसला आपकी मर्जी पर है लेकिन अगर आपको अपने क्षेत्र में विकास चाहिए तो बीजेपी का साथ दीजिए।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews