MP Breaking News

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, राजधानी में 10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल

बाहर से दिल्ली आकर पढ़ाई करने वाले छात्रों के सामने रहने की व्यवस्था अक्सर बड़ी चुनौती रहती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार छात्रावास का नया ढांचा तैयार करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन हॉस्टलों में सुरक्षा के साथ छात्रों की रोजमर्रा की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाएगा।
Rekha Gupta

दिल्ली में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए सरकार हॉस्टल की सुविधा बढ़ाने की तैयारी में है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा है कि दिल्ली सरकार 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाएगी। इनमें लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए रहने की व्यवस्था होगी। दिल्ली की किसी भी यूनिवर्सिटी या कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र इन हॉस्टलों का लाभ उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हॉस्टल बनाने को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं और सरकार ने इसके लिए संभावित जगहों की पहचान भी शुरू कर दी है। साथ ही हॉस्टल से जुड़ी नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है। इसमें छात्रों की जरूरतों के साथ-साथ हॉस्टल में दी जाने वाली जरूरी सुविधाओं को भी ध्यान में रखा जाएगा।

दिल्ली सरकार बनाएगी दस हजार हॉस्टल

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार की कोशिश सिर्फ छात्रों को रहने की जगह उपलब्ध कराना नहीं है बल्कि उन्हें सुरक्षित और किफायती आवास देना भी है। उनका कहना है कि दिल्ली में देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्र पढ़ने आते हैं। ऐसे में उनके अभिभावक चाहते हैं कि बच्चों को रहने के लिए सुरक्षित जगह मिले और उन्हें खाने-पीने या आवास की परेशानी न उठानी पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार ऐसे हॉस्टल तैयार करना चाहती है जहां माता-पिता अपने बच्चों को बिना किसी चिंता के भेज सकें। छात्रों को भी रहने की चिंता से मुक्त माहौल मिले ताकि वे अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान दे सकें।

स्टूडेंट्स की बड़ी समस्या का निकलेगा हल

दिल्ली में छात्रावास की कमी लंबे समय से चर्चा में रही है। खासकर दिल्ली विश्वविद्यालय और राजधानी के दूसरे शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बाहर के छात्रों के सामने हॉस्टल या सुरक्षित पीजी ढूंढना हमेशा से बड़ी चुनौती रहती है। सीमित हॉस्टल सीटों के कारण बड़ी संख्या में छात्र निजी पीजी और किराये के कमरों पर निर्भर हैं। ऐसे में सरकार का 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने का फैसला छात्र आवास की समस्या को कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, राजधानी में 10 हजार छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल