धार: मध्यप्रदेश के धार जिले में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुणावद में तिरुपति होटल के सामने हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गये। युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। साथ ही अगले दिन यानि शुक्रवार को मृतक के परिजन एवं ग्रामीण लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।

बता दें कि घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों के मकान और होटल को तोड़ने की भी मांग उठाई। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

बता दे कि हाईवे पर मृतक के परिजनों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों को शांत कराया गया।

क्या है पूरा मामाला?

यह पूरा मामला गुणावद गांव का है। जहां गुरुवार को तिरुपति होटल के पास विवाद चलते चाकूबाजी हुई थी। इस घटना में नियामतखेड़ी निवासी विकास कायत की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं पुलिस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

हालांकि अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है कि आखिर विवाद किस बात पर हुआ था? वहीं, दूसरी ओर पुलिस होटल के कर्मचारियों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

धार से मोहम्मद अंसार की रिपोर्ट