पीथमपुर में आज से जलाया जाएगा यूनियन कार्बाइड का कचरा, जीतू पटवारी ने दी सरकार को चुनौती, कहा ‘दावा गलत निकला तो सार्वजनिक माफी मांग लूंगा’

प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। मौके पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को चुनौती दी है कि यदि इस कचरे में जहर नहीं है तो 10 किलोमीटर के दायरे में पानी की जांच करवाई जाए। यदि वहां कैंसर तत्व नहीं मिले तो वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को तैयार हैं।
Union Carbide Waste Pithampur

Union Carbide Waste to be Incinerated in Pithampur : भोपाल गैस त्रासदी के चार दशक बाद, यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के जहरीले कचरे के निपटान की प्रक्रिया आज से पीथमपुर में शुरू हो रही है। प्रशासन ने इसके लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इंदौर और धार जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है और 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं। इंदौर के कमिश्नर दीपक सिंह और आईजी अनुराग सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ट्रायल की शुरुआत करेंगे।

वहीं, कांग्रेस ने एक बार फिर इस मामले को लेकर विरोध में सामने आ गई है। जीतू पटवारी ने कहा है कि प्रदेश सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि इस कचरे में जहर नहीं है, तो प्रशासन रामजी कंपनी के आसपास 10 किलोमीटर क्षेत्र के पानी की जांच करवाए। यदि पानी में कैंसर उत्पन्न करने वाले तत्व नहीं मिले, तो वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए तैयार हैं।

आज से शुरु होगी यूनियन कार्बाइड के कचरे को जलाने की प्रक्रिया

बता दें कि पिछले दो महीनों से पीथमपुर स्थित रामकी इनवायरो फैक्ट्री परिसर में भोपाल से लाए गए 12 कंटेनरों में 337 टन कचरा संग्रहित किया गया है। आज सुबह 10 बजे से इस कचरे को जलाने की प्रक्रिया आरंभ होगी, जिसमें अगले दो सप्ताह में 30 टन कचरे को चरणबद्ध तरीके से नष्ट किया जाएगा। इससे पहले साल 2015 में भी इसी संयंत्र में 10 टन जहरीले कचरे का ट्रायल रन किया गया था। सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद, प्रशासनिक अधिकारियों ने कचरे के निपटान का निर्णय लिया है। गुरुवार से सेगीग्रेशन की प्रक्रिया शुरु हो गई है और आज इसे भस्मक संयंत्र (इंसीनरेटर) में जलाया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान, केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी निगरानी करेंगे।

जीतू पटवारी ने दी सरकार को चुनौती

वहीं इस मामले को लेकर जीतू पटवारी फिर चुनौतीभरे अंदाज़ में सामने हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि ‘पीथमपुर और इंदौरवासियों, मैं फिर मुख्यमंत्री और बीजेपी सरकार के पूरे तंत्र को चुनौती देता हूं। यदि यूनियन कार्बाइड के कचरे में जहर नहीं है, तो रामजी कंपनी के आसपास के 10 किमी क्षेत्र में पानी की जांच करवा ले, यदि कैंसर के तत्व नहीं मिले, तो मैं सार्वजनिक माफी मांग लूंगा। मोहन सरकार याद रखे कोर्ट की आड़ लेकर जनभावना को जिस तरीके से नजरअंदाज किया जा रहा है, उसकी गंभीर कीमत आने वाली नस्लों को चुकानी पड़ेगी। मैं फिर दोहरा रहा हूं इंदौर ने बीजेपी को कई विधायक, सांसद और महापौर दिए, किंतु भाजपा बदले में कैसा जहर दे रही है, ये आने वाली पीढ़ियां बताएंगीं। मैं मुख्यमंत्री, इंदौर के दो-दो मंत्री, कलेक्टर के साथ पूरे सरकारी तंत्र को चुनौती देते हुए फिर कह रहा हूं, मेरे साथ चलें, पानी के सैंपल की जांच कर लें, स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।’

धार से मोहम्मद अंसार की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”1061129820″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews