डिंडौरी: पिकअप पलटते ही खुला शराब तस्करी का राज, 1500 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

डिंडौरी में शुक्रवार रात 10 बजे पुलिस ने एक पिकअप वाहन से अवैध शराब जब्त की। इस वाहन में खाद की बोरियों के नीचे 1500 लीटर अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
Dindori

डिंडौरी के जबलपुर अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक पिकअप वाहन पलटने की घटना हुई। हालांकि यह घटना केवल वाहन के पलटने की नहीं थी बल्कि अवैध तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा भी इस दौरान हुआ है। इस वाहन के जरिए खाद की बोरियों के नीचे लगभग 1500 लीटर अंग्रेजी शराब छिपाकर लाई जा रही थी।

इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जबकि वाहन मालिक और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। बता दें कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस पहले से सतर्क थी। इस दौरान पिकअप वाहन MP20ZB4257 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई।

एक व्यक्ति हिरासत में

वाहन पलटने के बाद छिपाकर ले जाई जा रही शराब का सच अपने आप ही उजागर हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। इसकी पहचान परवेज खान का निवासी हनुमान ताल जबलपुर के रूप में की गई है।

खाद की बोरियों में छुपी थी शराब

इस बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि पिकअप वाहन में ऊपर से खाद की बोरियां लदी हुई थी। तलाशी लेने पर बोरियों के नीचे अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में शराब शहडोल से जबलपुर लाए जाने की बात सामने आई है।

नंबर प्लेट से हुई छेड़छाड़

जब जांच पड़ताल की गई तो यह भी सामने आया कि वाहन की पहचान छुपाने के मकसद से तस्करों ने नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करते हुए कुछ अंक मिटा दिए थे। वह पुलिस को चकमा देना चाहते थे लेकिन वाहन और आरोपी के साथ पूरी खेप बरामद कर ली गई है।

नेटवर्क की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। वाहन मालिक और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश करते हुए संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह किसी संगठित शराब तस्करी गिरोह से जुड़ा मामला हो सकता है।

प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews