बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी मिलने और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में यह बात सामने आई है कि बिश्नोई गैंग के एक प्रमुख सदस्य हैरी बॉक्सर ने वॉइस नोट भेजकर रणवीर सिंह से एक करोड़ रुपये की मांग की थी। यह धमकी निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद भेजी गई थी, जिसके बाद से फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और क्राइम ब्रांच सबूत इकट्ठा करने में जुटी है। इस मामले ने एक बार फिर बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के बीच के तनाव को उजागर कर दिया है।
वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल, विदेश से कनेक्शन
जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि धमकी भरा वॉइस नोट रणवीर सिंह के मैनेजर के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया था। इसे भेजने के लिए एक वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया गया था, ताकि लोकेशन को छिपाया जा सके। अब तक की जांच में नेटवर्क की लोकेशन विदेश में मिली है।
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भेजे जाने के समय वीपीएन किस देश से सक्रिय था। इस तकनीकी गुत्थी को सुलझाने के लिए इंटरपोल की मदद भी ली जा रही है ताकि धमकी भेजने वाले के सटीक स्थान का पता लगाया जा सके।
क्राइम ब्रांच ने तेज की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए रणवीर सिंह के मैनेजर का बयान दर्ज कर लिया है। बयान तीन दिन पहले दर्ज किया गया था। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि वॉइस नोट में आवाज हैरी बॉक्सर की ही है। हालांकि, इसे पुख्ता करने के लिए और भी सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इस मामले का दायरा सिर्फ रणवीर सिंह तक ही सीमित नहीं है। क्राइम ब्रांच ने बुधवार रात को अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।





