Hindi News

‘द केरल स्टोरी 2’ के विवादित बीफ सीन पर मचा बवाल, भड़के अनुराग कश्यप, फिल्म को बताया ‘बकवास प्रोपेगेंडा’

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
विपुल शाह की फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' का ट्रेलर रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। फिल्म के एक बीफ सीन को लेकर बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप ने इसे 'बकवास प्रोपेगेंडा' बताया है। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी इसकी आलोचना की है और केरल हाईकोर्ट ने मेकर्स को नोटिस जारी कर दिया है।
‘द केरल स्टोरी 2’ के विवादित बीफ सीन पर मचा बवाल, भड़के अनुराग कश्यप, फिल्म को बताया ‘बकवास प्रोपेगेंडा’

विपुल अमृतलाल शाह की बहुचर्चित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की सफलता के बाद अब इसके सीक्वल ‘द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड’ को लेकर जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म का ट्रेलर जारी होते ही यह कई मोर्चों पर आलोचना का सामना कर रही है। फिल्म के एक ‘बीफ सीन’ को लेकर निर्देशक अनुराग कश्यप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, तो वहीं केरल के मुख्यमंत्री और हाईकोर्ट ने भी इस पर गंभीर रुख अपनाया है।

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से काफी पहले ही यह कानूनी और राजनीतिक बहस का केंद्र बन गई है। फिल्म के ट्रेलर में तीन हिंदू लड़कियों की कहानी दिखाई गई है, जिन्हें मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है, जिसके बाद उनके सामने धर्म परिवर्तन का एजेंडा सामने आता है।

अनुराग कश्यप ने फिल्म को बताया ‘बकवास प्रोपेगेंडा’

बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक अनुराग कश्यप ने फिल्म की कड़े शब्दों में निंदा की है। कोच्चि एयरपोर्ट पर जब उनसे ‘द केरल स्टोरी 2’ और इसके विवादित सीन पर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे पूरी तरह से प्रोपेगेंडा करार दिया।

“द केरल स्टोरी पूरी तरह से बकवास है। ये पूरी तरह से प्रोपेगेंडा फिल्म है। ऐसे कौन बीफ खिलाता है, ऐसे तो कोई खिचड़ी भी नहीं खिलाता। वह सिर्फ पैसे बनाना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं। फिल्ममेकर एक लालची इंसान है, वो सिर्फ पैसे बनाना चाहता है।”- अनुराग कश्यप

केरल हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस

मामला अब अदालत तक भी पहुंच गया है। पिछले हफ्ते केरल हाईकोर्ट ने फिल्म के प्रोड्यूसर्स को एक नोटिस जारी किया। यह नोटिस कन्नूर जिले के शिकायतकर्ता श्रीदेव नम्बूथिरी द्वारा दायर एक याचिका पर जारी किया गया है, जिसमें फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मिले सर्टिफिकेट को चुनौती दी गई है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म के टीजर और ट्रेलर आपत्तिजनक हैं। याचिकाकर्ता का यह भी तर्क है कि फिल्म में तीन अलग-अलग राज्यों की महिलाओं की कहानी दिखाई गई है, लेकिन टाइटल के जरिए सिर्फ केरल की छवि को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी जताई आपत्ति

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इसे नफरत फैलाने वाली फिल्म बताया। उन्होंने लिखा कि पहले भाग में भी सांप्रदायिक साजिश और झूठ था, और केरल इस बार भी हमारे धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बदनाम करने की कोशिश को खारिज कर देगा। उन्होंने कहा, “यह बेहद चौंकाने वाला है कि सांप्रदायिक दंगे भड़काने के उद्देश्य से गढ़ी गई कहानियों को खुली छूट मिल जाती है, जबकि कला की आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है।” मुख्यमंत्री ने लोगों से सद्भाव को बिगाड़ने वाली इन कोशिशों का मिलकर विरोध करने का आह्वान किया।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews