Hindi News

चेक बाउंस केस: जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव का पहला रिएक्शन, बोले- हर आरोप का जवाब देने को तैयार

Written by:Ankita Chourdia
Published:
चेक बाउंस और 9 करोड़ रुपये के लोन मामले में तिहाड़ जेल में 13 दिन गुजारने के बाद एक्टर राजपाल यादव को हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। जेल से बाहर आते ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए पूरे देश, दुनिया और बॉलीवुड के समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया।
चेक बाउंस केस: जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव का पहला रिएक्शन, बोले- हर आरोप का जवाब देने को तैयार

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। चेक बाउंस और 9 करोड़ रुपये के लोन से जुड़े मामले में 13 दिन जेल में बिताने के बाद हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। जेल से रिहा होते ही एक्टर ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा और देश भर से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया।

राजपाल के चेहरे पर थकान के निशान साफ दिख रहे थे, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडिया से बातचीत की। एक्टर ने अपने बयान में कहा कि वो 30 सालों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और अब तक 250 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं।

राजपाल यादव ने क्या कहा मीडिया से

तिहाड़ जेल के बाहर मीडिया से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा कि लीगल मामलों की जानकारी के लिए लोग उनके वकील भास्कर उपाध्याय से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में उनके बॉलीवुड करियर को 30 साल पूरे होने वाले हैं और इस दौरान पूरे देश और दुनिया के बच्चे-बच्चे ने उन्हें प्यार दिया है। तभी वो 250 फिल्में कर पाए हैं।

“ये किस्सा 2012-13 में हुआ था और उसके बाद से अब तक बहुत सी फिल्में कर चुका हूं। भारतीय सिनेमा का बच्चा-बूढा नौजवान मेरे साथ था, मेरे साथ है। पूरे देश के लोग, बच्चे, बूढ़े और जवान, मेरे साथ हैं।”- राजपाल यादव

एक्टर ने आगे कहा कि जिस तरह से पूरे देश, दुनिया और बॉलीवुड ने उन्हें प्यार दिया है, अगर उनके खिलाफ कोई आरोप हैं तो वो जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

कोर्ट के हर आदेश का सम्मान करने की बात

राजपाल यादव ने स्पष्ट किया कि वो कोर्ट के हर आदेश का सम्मान करते हैं और बीते कई सालों से इसका पालन भी करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मंशा क्या थी, यह सब बताने के लिए वो तैयार रहे हैं। जहां-जहां कोर्ट ने उन्हें हाजिर होने को कहा, वो हाजिर रहे और आगे भी होते रहेंगे।

एक्टर ने कहा कि लोग उन्हें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी सपोर्ट कर रहे हैं। 5 साल से लेकर 55 साल तक हर उम्र के लोग उनके साथ खड़े रहे हैं। मनोरंजन से उनका रिश्ता रहा है और उन्हें हर शख्स से प्यार मिला है।

हर आरोप का जवाब देने को तैयार

राजपाल यादव ने अपने बयान में जोर देकर कहा कि अगर उन पर कोई भी आरोप है तो वो हर जगह, हर चौराहे पर उपलब्ध हैं। हर बात का जवाब उनसे लिया जा सकता है। उन्होंने हाई कोर्ट को धन्यवाद देते हुए कहा कि कोर्ट ने उन्हें सुनने का मौका दिया।

गौरतलब है कि यह मामला 2012-13 का है और राजपाल यादव ने इसके बाद से कई फिल्मों में काम किया है। एक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरा बॉलीवुड उनके साथ है और वो कानूनी प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग करते रहेंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !