जब कोई डायरेक्टर शाहरुख खान जैसी मेगा स्टार के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाए और फिर कहे कि असली पैसा फिल्मों से नहीं बल्कि YouTube से आया, तो हैरानी तो होगी ही। जी हां, फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान आजकल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं, लेकिन वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि उनका बेहद पॉपुलर यूट्यूब चैनल है।
फराह खान ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल से फिल्मों से भी ज़्यादा पैसा कमाया है। उन्होंने कहा कि आज उनके चैनल की पॉपुलैरिटी इस कदर बढ़ चुकी है कि बड़े-बड़े सितारे अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए उनके पास आते हैं। यानी जहां एक दौर में फराह शाहरुख खान के लिए ‘ओम शांति ओम’ और ‘मैं हूं ना’ जैसी फिल्में डायरेक्ट कर रही थीं, वहीं अब वे अपने किचन शो व्लॉग्स से भी करोड़ों रुपये कमा रही हैं।
फराह खान का यूट्यूब चैनल
फराह खान का यूट्यूब चैनल ‘Farah Khan Kunder’ किसी साधारण कुकिंग चैनल जैसा नहीं है। यह एक ऐसा मनोरंजक शो है, जहां बॉलीवुड स्टार्स फराह के घर आते हैं, साथ में कुछ पकाते हैं, हंसी-मज़ाक करते हैं और अपनी फिल्मों का प्रमोशन भी करते हैं। उनके चैनल पर 2 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं, और हर वीडियो पर लाखों व्यूज़ आते हैं। फराह का शो इतना लोकप्रिय है कि यह अब सेलेब्रिटीज़ के लिए एक ब्रांड प्रमोशन हब बन चुका है।
हाल ही में अजय देवगन और मृणाल ठाकुर अपनी फिल्म Son of Sardaar 2 को प्रमोट करने के लिए फराह के चैनल पर पहुंचे थे। इसके अलावा जैकी श्रॉफ, हिमेश रेशमिया, शिल्पा शेट्टी, राकेश रोशन और सुनिधि चौहान जैसे सितारे भी फराह के एपिसोड्स में दिख चुके हैं। फराह के साथ उनके कुक दिलीप भी हमेशा नज़र आते हैं, जिनका अब अपना अलग फैन बेस बन चुका है। उनकी मज़ेदार बातचीत, घरेलू माहौल और बॉलीवुड ग्लैमर ये तीनों चीज़ें फराह के चैनल को एक अलग कॉम्बिनेशन बनाती हैं।
फराह खान ने हाल ही में सानिया मिर्ज़ा के पॉडकास्ट में एक दिलचस्प खुलासा किया। जब सानिया ने उनसे पूछा अगर आपको कोरियोग्राफी, डायरेक्शन और कंटेंट क्रिएशन में से किसी एक को चुनना हो, तो आप क्या चुनेंगी? फराह ने मुस्कराते हुए जवाब दिया की यह बात सच हैं की आजकल कंटेंट क्रिएशन में ज्यादा पैसा है, लेकिन अगर मुझे किसी एक को चुनने को कहा जाए तो मैं हमेशा डायरेक्शन को ही चुनूंगी। आपको बता दें, उनकी फिल्म ‘Happy New Year’ ने दुनियाभर में लगभग 380 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
फराह ने दिलीप को बनाया स्टार
यूट्यूब से मोटी कमाई कर रहीं फराह खान अब सिर्फ खुद ही नहीं, बल्कि अपने कुक दिलीप को भी मशहूर बना चुकी हैं। फराह के व्लॉग्स में दिलीप हमेशा उनके साथ नजर आते हैं, और अब दर्शक उन्हें भी उतना ही पसंद करने लगे हैं जितना फराह को। हाल ही में श्रुति हासन फराह के एक व्लॉग में आईं, जहां उन्होंने मज़ाक में पूछा, यूट्यूब से जो कमाई होती है, उसमें क्या दिलीप को भी हिस्सा मिलता है? इस पर फराह ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि दिलीप को न सिर्फ सैलरी मिलती है, बल्कि यूट्यूब की कमाई में से एक बड़ा हिस्सा भी दिया जाता है। उन्होंने कहा, दिलीप मेरे चैनल की जान है। उसकी वजह से ही लोग हमारे वीडियो बार-बार देखते हैं।






