
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘दादा’ के नाम से जाने जाने वाले सौरव गांगुली को लेकर फिल्म बनाई जा रही है। इस फिल्म में मुख्य किरदार में राजकुमार राव नजर आएंगे। दरअसल, राजकुमार राव सौरव गांगुली का रोल निभा रहे हैं। कुछ ही समय में इस फिल्म की घोषणा की जा सकती है। हालांकि, कोलकाता में इस फिल्म की तैयारी शुरू हो चुकी है। डायरेक्टर विक्रमादित्य मोटवानी इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं, जबकि फिल्म को अंकुकर गर्ग और लव रंजन प्रोड्यूस कर रहे हैं। प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर कोलकाता पहुंच चुके हैं और लगभग लोकेशन भी फाइनल की जा चुकी है। इसे लेकर डायरेक्टर्स द्वारा सारे स्टेडियम की रेकी भी की जा चुकी है।
सबसे पहले डायरेक्टर और प्रोड्यूसर सौरव गांगुली की बचपन की अकेडमी पहुंचे। दरअसल, वे आर्यन क्लब के अंदर स्थित दुखीराम क्रिकेट अकादमी गए, जहां सौरव गांगुली ने बचपन में क्रिकेट खेला था और यहीं से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके साथ ही डायरेक्टर और प्रोड्यूसर सौरव गांगुली से भी मिलने पहुंचे।
सौरव गांगुली के साथ लगभग एक महीना बिताएंगे राजकुमार राव
इसके साथ ही यह भी फाइनल हो चुका है कि सौरव गांगुली के रोल में राजकुमार राव नजर आएंगे। राजकुमार राव फिल्म के लिए अक्टूबर के महीने में कोलकाता पहुंचेंगे। सौरव गांगुली के कैरेक्टर को पूरी तरह से स्क्रीन पर उतारने के लिए राजकुमार राव सौरव गांगुली के साथ लगभग एक महीना बिताएंगे। इस दौरान वह उनके तौर-तरीके सीखेंगे और क्रिकेट की लाइफ के बारे में भी करीब से जानेंगे। बता दें कि राजकुमार राव राइट हैंडेड हैं, जबकि सौरव गांगुली लेफ्ट हैंड से बल्लेबाजी करते हैं। यही कारण है कि राजकुमार राव के लिए यह रोल बेहद चैलेंजिंग माना जा रहा है। अब देखना होगा कि राजकुमार राव इस रोल में लोगों को कितना लुभाते हैं।
कुछ ही समय में पिता बनने वाले हैं राजकुमार राव
हाल ही में यह जानकारी भी सामने आई है कि राजकुमार राव कुछ ही समय में पिता बनने वाले हैं। ऐसे में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले वह अपनी फैमिली को प्राथमिकता दे रहे हैं। बच्चे के आने के बाद ही राजकुमार राव कोलकाता पहुंचेंगे और इस फिल्म की तैयारी शुरू करेंगे। राजकुमार राव ने कई ऐसी फिल्में की हैं जिनसे उन्हें खूब सुर्खियां मिली हैं। उनकी ट्रैप्ड मूवी आज भी लोगों को बहुत पसंद आती है। उन्होंने बॉलीवुड को कई शानदार फिल्में दी हैं। राजकुमार राव ने सबसे ज्यादा चर्चाएं स्त्री मूवी से बटोरी थीं। स्त्री मूवी में उनका कैरेक्टर ‘विक्की’ सभी को बहुत पसंद आया था। उन्होंने स्त्री 2 में भी इसी प्रकार का रोल निभाया और लोगों के दिलों पर छा गए। अब देखना होगा कि सौरव गांगुली के कैरेक्टर में राजकुमार राव कितने फिट बैठते हैं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

