
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर अब अपनी हिट फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ की दुनिया को ओटीटी पर लेकर आ रहे हैं। बड़े पर्दे के बाद इस पॉपुलर फ्रैंचाइजी को अब एक वेब सीरीज के रूप में तैयार किया गया है, जिसका नाम ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर- आफ्टर डार्क’ रखा गया है। जियो हॉटस्टार पर आने वाली इस सीरीज का धमाकेदार ट्रेलर मंगलवार को मेकर्स ने रिलीज कर दिया है जिसे देखने के बाद दर्शकों की उत्सुकता काफी ज्यादा बढ़ गई है।
दरअसल इस नई सीरीज में शनाया कपूर मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। इस सीरीज के जरिए शनाया का एक बिल्कुल अलग और नया अंदाज दर्शकों को देखने को मिलेगा। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। करण जौहर का यह नया प्रोजेक्ट युवाओं के बीच काफी पसंद किया जा रहा है और लोग इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शनाया कपूर निभाएंगी डबल रोल
सामने आए ट्रेलर में दिखाया गया है कि ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर- आफ्टर डार्क’ की कहानी एक मिस्ट्री के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें शनाया कपूर अपनी बहन आयशा मलिक की रहस्यमयी मौत का सच सामने लाने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। करीब 1 मिनट 50 सेकंड के इस रोमांचक ट्रेलर में दिखाया गया है कि शनाया अपनी बहन की मौत की असली वजह जानने के लिए किसी भी हद तक जाने को पूरी तरह तैयार हैं।
दरअसल इस सीरीज में शनाया कपूर ने डबल रोल निभाया है। यानी कहानी में वो जुड़वा बहनों के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं सीरीज में शनाया की मां का अहम किरदार मशहूर अभिनेत्री शीबा चड्ढा ने निभाया है। जुड़वा बहनों के इस ताने-बाने और मां-बेटी के रिश्तों के बीच छिपी यह पहेली दर्शकों को शुरू से आखिर तक बांधकर रखने वाली है।
बर्फ से जमी झील से मिलती है लाश
ट्रेलर की शुरुआत काफी चौंकाने वाली घटना से होती है जिसमें दिखाया जाता है कि शनाया कपूर की बहन आयशा मलिक की लाश बर्फ से जमी एक झील से बरामद होती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि यह कोई भयानक हादसा था या फिर किसी ने सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या की है? इसी बात का पता लगाने के लिए शनाया खुद ही सेंट टेरेसा हेरिटेज स्कूल पहुंच जाती हैं।
स्कूल के अंदर कदम रखते ही उनका सामना कई तरह के अजीब और संदिग्ध लोगों से होता है। कोई उनकी बहन से जलता था, तो कोई खुद को उसका सबसे करीबी दोस्त बताता है। स्कूल के माहौल में फैला यह रहस्य कहानी को और भी ज्यादा दिलचस्प बना देता है, जहां हर एक इंसान के चेहरे पर कोई न कोई नकाब दिखाई देता है।
सीक्रेट कॉम्पिटीशन और दोस्तों का अजीब बर्ताव
सेंट टेरेसा हेरिटेज स्कूल में शनाया की मुलाकात एक ऐसी बेस्ट फ्रेंड से होती है जो आयशा से अंदर ही अंदर बहुत जलती थी। उस लड़की ने हादसे वाली रात आयशा को अकेला छोड़ दिया था। इसके बाद शनाया की मुलाकात आयशा के उस आशिक से होती है जिसे उसने रिजेक्ट कर दिया था, लेकिन वो खुद को आयशा का पक्का दोस्त बताता है। इसके अलावा एक साइको रूम मेट भी है जो मृतका से नफरत करती थी।
इन सबके बीच एक ऐसा बॉयफ्रेंड भी सामने आता है जो कुछ ज्यादा ही परफेक्ट नजर आता है। शनाया को इन सभी लोगों के हाव-भाव देखकर यह शक होने लगता है कि ये सभी लोग मिलकर उससे कोई बहुत बड़ी बात छिपा रहे हैं। इसी दौरान उन्हें यह भी पता चलता है कि उस स्कूल के अंदर कोई खतरनाक सीक्रेट कॉम्पिटीशन चल रहा है जो इस मौत से जुड़ा हो सकता है।

