MP में बंपर जीत के बाद बीजेपी ने शुरु की लोकसभा चुनाव की तैयारियां, ‘हर बूथ पर मोदी’ अभियान चलाएंगे

VD Sharma BJP

MP BJP started preparations for Lok Sabha elections : मध्य प्रदेश में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद अब सरकार बनाने की तैयारी शुरु हो गई है। एक तरफ दिल्ली में बैठकों का सिलसिला जारी है, वहीं भोपाल में बीजेपी संगठन अगले साल के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज कार्यकर्ताओं, प्रत्याशियों और प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया। इसी के साथ उन्होने कहा कि हम ‘हर बूथ पर मोदी’ अभियान को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के हर बूथ पर लेकर जाएगी और हमारी कोशिश होगी की हम सभी 29 सीटों पर विजय प्राप्त करें।

वीडी शर्मा ने सबका आभार जताया

अभी बीजेपी में जीत का जश्न पूरा भी नहीं हुआ है और उन्होने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। आज वीडी शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वो प्रदेश की 29 सीटें मोदी जी की झोली में डालने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाएंगे। उन्होने कहा कि ‘मैं मध्य प्रदेश के चुनाव परिणामों के बाद मैं प्रदेश की जनता जनार्दन को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ह्रदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं। जनता ने प्रदेश के विकास को सुचारू रखने के लिए, मोदी जी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं और प्रदेश की सरकार ने जो विकास कार्य किया है, उस संकल्प को आशीर्वाद दिया है। हम जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं पर खरी उतरी है और हम सब मिलकर आगे भी ये प्रयास जारी रखेंगे। मैं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिन्होने हर बूथ पर इतनी मेहनत की, सबने ये चुनाव टीम स्पिरिट ते साथ लड़ा..उनका भी धन्यवाद देता हूं। मध्य प्रदेश के मन में मोदी और मोदी के मन में मध्यप्रदेश के अभियान को जनता ने ताकत दी और आशीर्वाद दिया है। मैं मीडिया के सभी मित्रों का भी धन्यवाद देता हूं जिन्होने वास्तविक चित्र को जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे कार्यकर्ता जो परदे के पीछे थे, उन्होने भी अलग अलग विभागों में कार्य किया है, उनको भी बधाई।’

लोकसभा चुनावों की तैयारियां शुरु

वीडी शर्मा ने कहा कि ‘हमारे जीते हुए बीजेपी प्रत्याशियों को बहुत बहुत बधाई..साथ ही ऐसे प्रत्याशी जो किन्हीं कारणों से सफल नहीं हुए हैं वो भी चिंता न करें। भारतीय जनता पार्टी संगठन आपके साथ खड़ा है। अमित शाह जी ने हमें टास्क दिया था, हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर का संकल्प दिया था और वो काम हमने पूर्ण किया है। 51 प्रतिशत वोट शेयर में लगभग 49 प्रतिशत वोट बीजेपी को मिला है और ये हमारे कार्यकर्ता की उपलब्धि है। हम सब एक साथ खड़े हैं और अब हमारा संकल्प है कि आने वाले लोकसभा चुनावों में हम सभी 29 सीट जीतने के लिए जुटेंगे। जिन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव हारी है..उनपर समीक्षा करेंगे और वहां कैसे चुनाव जीतेंगे और जहां कम वोटों से जीते हैं वहां 10 परसेंट वोट शेयर कैसे बढ़ेगा इसके लिए काम करेंगे। हर बूथ पर मोदी..इस अभियान को एमपी में भारतीय जनता पार्टी 64,523 बूथों पर लेकर जाएगी।’ इस तरह बीजेपी ने विधानसभा चुनाव की जीत के साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews