
अगले 48 घंटों में मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी में 13 अगस्त को एक लो प्रेशर का एरिया सक्रिय होने जा रहा है जिससे पूरे प्रदेश में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू होगा।खास करके मालवा एवं निमाड़ क्षेत्र में तेज वर्षा होने की संभावना है। सोमवार मंगलवार को रीवा, शहडोल, सागर एवं जबलपुर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है, शेष क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती हैं। प्रदेश में अब तक औसत से 30% अधिक बारिश हो चुकी है।
13 अगस्त से फिर शुरू होगा वर्षा का दौर
मानसून द्रोणिका वर्तमान में फरीदकोट, लुधियाना, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, बलिया, जलपाईगुड़ी से होकर अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई है।यूपी के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात और उत्तर-पूर्व अरब सागर एवं उससे लगे गुजरात पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है जिसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होगा। 15 अगस्त से दक्षिणी मध्य प्रदेश में भी अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज सोमवार को जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में मौसम साफ रहेगा। खास करके पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, कटनी, जबलपुर, सिवनी और बालाघाट में तेज बारिश होने की संभावना है। विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, अशोकनगर, दमोह, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
Madhya Pradesh: 1 जून से 10 अगस्त तक कहां कितनी हुई वर्षा
- मध्य प्रदेश में औसत से 30% अधिक वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 37% अधिक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25% अधिक वर्षा हुई। प्रदेश में अब तक 10 जिलों में कोटा पूरा हो चुका है, लेकिन इंदौर व उज्जैन संभाग के जिलों की तस्वीर बेहतर नहीं है।
- पूर्वी हिस्से यानी, जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में औसत से 37% और पश्चिमी हिस्से यानी, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में 25% बारिश अधिक हुई है। इस बार सबसे ज्यादा पानी गुना में गिरा है। यहां 45.8 इंच बारिश हो चुकी है। निवाड़ी में 45.1 इंच, मंडला-टीकमगढ़ में 44 इंच और अशोकनगर में 42 इंच के करीब बारिश हो चुकी है।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

