MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

एयर इंडिया हादसे पर पायलट के पिता ने उठाए सवाल, औपचारिक जांच की मांग

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को लिखे एक पत्र में दिवंगत कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता पुष्कराज सभरवाल ने एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 की औपचारिक जांच की मांग की है।
एयर इंडिया हादसे पर पायलट के पिता ने उठाए सवाल, औपचारिक जांच की मांग

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को लिखे एक पत्र में दिवंगत कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता पुष्कराज सभरवाल ने एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-171 की औपचारिक जांच की मांग की है। 91 वर्षीय पुष्कराज ने 29 अगस्त को भेजे गए इस पत्र में कहा कि अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद 12 जून को बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 241 यात्रियों समेत कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। सुमित इस विमान के पायलटों में से एक थे।

पत्र में पुष्कराज सभरवाल ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि जांच रिपोर्ट के चुनिंदा हिस्सों को मीडिया में लीक किया गया। उन्होंने कहा कि इससे उनके बेटे की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है और मीडिया में चल रही अटकलों से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कुछ रिपोर्टों में यह संकेत दिया जा रहा है कि सुमित मनोवैज्ञानिक दबाव में थे और आत्महत्या जैसे विचारों से गुजर रहे थे, जबकि सच्चाई इससे अलग है।

पायलट के पिता ने उठाए सवाल

पुष्कराज ने स्पष्ट किया कि 12 जुलाई को जारी की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट न तो पूरी थी और न ही तथ्यों पर आधारित। उन्होंने इसे अपूर्ण, ध्यान भटकाने वाली और विसंगतिपूर्ण करार दिया। उनका कहना है कि इस रिपोर्ट से हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आती, बल्कि इसमें एक तरफ आरोप लगाए गए और दूसरी ओर विमान निर्माता कंपनियों को क्लीन चिट दे दी गई।

पत्र में उन्होंने दोहराया कि हादसे के वास्तविक कारणों की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मृतकों और उनके परिवारों को न्याय मिल सके। हालांकि, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एएआईबी की ओर से इस पत्र पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
एयर इंडिया हादसे पर पायलट के पिता ने उठाए सवाल, औपचारिक जांच की मांग