प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर सोमवार को अहमदाबाद पहुंचे। एयरपोर्ट से निकोल तक उन्होंने रोड शो किया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर जोश दिखाया। कई लोग छतों पर चढ़कर मोदी के स्वागत में हाथ हिलाते दिखे। पीएम मोदी ने इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और गुजरात को 5,477 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने गणेशोत्सव के जिक्र से की और कहा कि यह शुभ संयोग है कि विकास के तमाम कार्यों का श्रीगणेश हुआ है। उन्होंने गुजरात में हाल ही में हुई बारिश और प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया।
पीएम मोदी का गुजरात दौरा
सभा में पीएम मोदी ने गुजरात की धरती को “दो मोहन की धरती” बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमि सुदर्शन-चक्रधारी मोहन (भगवान श्रीकृष्ण) और चरखाधारी मोहन (महात्मा गांधी) की है। मोदी ने कहा कि भारत आज दोनों मोहन के दिखाए रास्ते पर चलकर सशक्त हो रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत को बापू के स्वदेशी मंत्र से जोड़ा और कहा कि आज दुनिया भारत की ताकत को महसूस कर रही है। मोदी ने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवादियों को 22 मिनट में जवाब दिया और तय ठिकानों को नष्ट कर दिया।
ये भी पढ़ें
कांग्रेस पर तीखे हमले में पीएम मोदी ने कहा कि जिस पार्टी ने दशकों तक गांधी का नाम लेकर सत्ता भोगी, उसने बापू की आत्मा को कुचला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न तो स्वच्छता और न ही स्वदेशी के मंत्र पर कभी काम किया। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 60-65 साल तक देश को विदेशी ताकतों पर निर्भर रखा। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और गुजरात इस दिशा में डेयरी से लेकर उद्योग तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मोदी ने भरोसा दिलाया कि किसानों और पशुपालकों पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में अहमदाबाद की सुरक्षा और विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब यहां कर्फ्यू लगता था और खून-खराबे की खबरें आती थीं, लेकिन अब अहमदाबाद स्वच्छता और सुरक्षा में नंबर वन शहर बन गया है। मोदी ने कहा कि इस दिवाली व्यापारी वर्ग और आम परिवारों के लिए खुशियों का “डबल बोनस” होगा। उन्होंने जोर दिया कि उनकी सरकार छोटे उद्यमियों, मध्यम वर्ग और नए मध्यवर्ग को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।