Hindi News

प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात को दी बड़ी सौगात, 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन, कांग्रेस पर बोला हमला

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात में 20 हजार करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने डीसा एयरबेस के महत्व पर बात की और कांग्रेस पर राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट्स को सालों तक दबाए रखने का आरोप लगाया। मोदी ने कांग्रेस को गुजरात से 'नफरत' करने वाला और देश को बांटने वाला बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात को दी बड़ी सौगात, 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन, कांग्रेस पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात को 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने राज्य में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उनका उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि ये प्रोजेक्ट पूरे इलाके की तस्वीर बदल देंगे और यहां के जीवन को एक नई गति देंगे। पीएम मोदी ने वाव-थराद और बनासकांठा के साथ अपने गहरे लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मिशन मोड में काम करते हुए गुजरात को जितना हो सका, आगे बढ़ाया है।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका था जब उनका विमान सीधे डीसा एयरबेस पर उतरा। डीसा का एयरबेस अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 130 किलोमीटर की दूरी पर है, जो देश की सुरक्षा के लिए इसकी अहमियत को साफ करता है। पीएम मोदी ने कहा कि यह एयरबेस आज से ही काम शुरू नहीं कर रहा, बल्कि इसके पीछे एक लंबी कहानी है।

उन्होंने याद किया कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब से ही उन्होंने डीसा एयरबेस के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू करवा दिया था। उनका मकसद था कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भारत की पश्चिमी सीमा की हिफाजत के लिए डीसा जैसा महत्वपूर्ण स्थान तैयार हो।

“मगर पता नहीं, दिल्ली में उस समय जो लोग राज करते थे, उन्हें गुजरात के प्रति क्या नफरत थी। राष्ट्र की सुरक्षा का ये प्रोजेक्ट भी सालों तक फाइलों में दबा रहा।” (नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब देश की जनता ने उन्हें दिल्ली भेजा, तो उन्होंने उन पुरानी फाइलों को फिर से खोला। आज उसी का नतीजा है कि वायुसेना का एक बहुत बड़ा बेस अब डीसा से जुड़ गया है और यह देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह प्रोजेक्ट केवल गुजरात के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए एक मजबूत कदम है।

कांग्रेस पर पीएम मोदी का सीधा हमला

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर देश को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में विकास का सिलसिला दोगुनी ताकत से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस देश को तोड़ने में लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकारों को गुजरात से हमेशा ‘नफरत’ रही है। उन्होंने देशवासियों को कांग्रेस से सावधान रहने की चेतावनी दी और कहा कि वैश्विक संकट के समय में भी विपक्ष राजनीति करने से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना गिद्धों से की, जो हमेशा संकट का इंतजार करते हैं।

प्रधानमंत्री ने गुजरात में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने पूरे गुजरात में, गांव-गांव तक बेहतरीन सड़कों का जाल बिछाया है। हाई-स्पीड हाइवेज बनाए गए हैं, जिससे यात्रा आसान और तेज हुई है। इसके साथ ही, गुजरात को वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों की आधुनिक सुविधा भी मिल रही है, जो राज्य के परिवहन तंत्र को मजबूत कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर गुजरात के दशकों पुराने हालात को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वह दिन कोई नहीं भूल सकता, जब उत्तर गुजरात का नाम सुनते ही लोगों के मन में सूखे और अकाल की तस्वीर उभरती थी। उन्होंने संघर्ष भरे उस जीवन और कांग्रेस सरकार द्वारा की गई ‘निरंतर उपेक्षा’ का जिक्र किया।

“सघर्ष से भरा ये जीवन, और कांग्रेस सरकार द्वारा हमारी निरंतर उपेक्षा… कौन भूल सकता है वो दिन। जब कई कई किमी दूर से पानी लाना पड़ता था।” (नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री)

पीएम मोदी बोले- गुजरात में खुले विकास के नए रास्ते

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उत्तर गुजरात की स्थिति बिल्कुल अलग है। पानी की समस्या काफी हद तक हल हो गई है और विकास के नए रास्ते खुले हैं। उन्होंने यह बदलाव अपनी सरकार के ‘मिशन मोड’ में किए गए प्रयासों का नतीजा बताया। उनका कहना था कि पहले की सरकारों ने केवल बातें कीं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं किया, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को दशकों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

नवीकरणीय ऊर्जा में गुजरात बनेगा बड़ा केंद्र

नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में गुजरात के योगदान पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि साल 2010 में, यानी आज से 15-16 साल पहले, जब वे मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने सारंगपुर में देश के पहले सोलर पार्क का काम शुरू करवाया था। यह एक मल्टी-टेक्नोलॉजी पार्क था, जिसने देश में सौर ऊर्जा के आंदोलन की शुरुआत की।

आज गुजरात में जिस तरह से सौर ऊर्जा का काम हो रहा है, खासकर खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क से जुड़ी नई परियोजनाओं की शुरुआत के साथ, यह साफ है कि वह दिन दूर नहीं जब गुजरात नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया का बहुत बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ऊर्जा सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा। गुजरात देश को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews