MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने माता सीता पर दिया विवादित बयान, बोले – ‘युद्धों में सिर्फ पुरुष मरे, महिलाएं नहीं’, महिला विधायक ने मंच से टोका

गुना में राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव के दौरान बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने रामायण, महाभारत और पृथ्वीराज चौहान-संयोगिता का उदाहरण देते हुए महिलाओं और युद्धों को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि युद्धों में पुरुष मारे गए, महिलाएं नहीं।
BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने माता सीता पर दिया विवादित बयान, बोले - 'युद्धों में सिर्फ पुरुष मरे, महिलाएं नहीं, महिला विधायक ने मंच से टोका

मध्य प्रदेश के गुना में मंगलवार को राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव का आयोजन किया गया। नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में हुए कार्यक्रम में बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने संबोधन के दौरान रामायण और महाभारत के युद्धों का जिक्र किया। उन्होंने माता सीता को लेकर ‘मौत का सामान’ शब्द का इस्तेमाल किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि रामायण के युद्ध में महिला नहीं मरी, बल्कि पुरुष मारे गए। उनकी बात पर चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने मंच से ही आपत्ति जताई।

दरअसल कार्यक्रम में पन्नालाल शाक्य ने रामायण का जिक्र करते हुए कहा कि रावण को उसके भाई ने समझाया था कि पराई स्त्री को ले जाना गलत है। शाक्य ने कहा कि “ये तो मौत का सामान है। उसे सम्मान के साथ वापस भेज देना चाहिए।”

जानिए पन्नालाल शाक्य ने क्या कहा?

इसके बाद उन्होंने रामायण के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस युद्ध में कोई महिला नहीं मरी, बल्कि पुरुष ही मरे। उन्होंने कहा कि पुरुषों के लिए महिलाएं नहीं मरीं, जबकि महिलाओं के लिए पुरुष मरे। इसके बाद उन्होंने महाभारत के युद्ध का उदाहरण दिया और कहा कि महाभारत के युद्ध में एक करोड़ पुरुष मारे गए, जबकि महिलाएं नहीं मरीं। शाक्य ने अपने संबोधन में पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि संयोगिता के कारण पृथ्वीराज चौहान के 55 सामंत कन्नौज से दिल्ली तक मारे गए। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में भी पुरुष मरे, महिलाएं नहीं।

प्रियंका पेंची ने मंच से ही पन्नालाल शाक्य को टोका

वहीं पन्नालाल शाक्य की बात के दौरान मंच पर मौजूद चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने उन्हें बीच में टोका। उन्होंने कहा, “भाई साहब, आप गलत बोल रहे हैं। नहीं भाईसाहब, ऐसा नहीं है। ये तो गलत बात है। महिलाओं ने भी बलिदान दिए हैं। मैं भी महिला हूं। महिलाओं की बलिदान को भूल रहे हैं।” प्रियंका पेंची की आपत्ति के बाद भी पन्नालाल शाक्य अपनी बात पर कायम रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं और उन्हें पता है कि कहां क्या हुआ है। इसके बाद उन्होंने प्रियंका पेंची से बैठने के लिए कहा। मंच पर दोनों विधायकों के बीच हुई बातचीत कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों के सामने हुई।

बलराम महोत्सव में मुख्यमंत्री भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े

गुना की नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। कार्यक्रम में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य, चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में पन्नालाल शाक्य ने प्राकृतिक खेती अपनाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि विदेशी खाद के ज्यादा इस्तेमाल से जमीन खराब हो रही है। उन्होंने किसानों से जमीन को बंजर होने से बचाने की बात कही। कार्यक्रम में किसानों को खेती से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

डिप्टी डायरेक्टर हॉर्टिकल्चर ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक खेती के बारे में बताया। किसानों को गुलाब और थाई अमरूद की खेती से जुड़ी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कई किसानों को सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर संजीव शर्मा ने दिया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews
BJP विधायक पन्नालाल शाक्य ने माता सीता पर दिया विवादित बयान, बोले - 'युद्धों में सिर्फ पुरुष मरे, महिलाएं नहीं', महिला विधायक ने मंच से टोका