कमलनाथ के होर्डिंग हटाने पर भड़की कांग्रेस, कैबिनेट मंत्री से झूमाझटकी, जमकर हंगामा

कमलनाथ के होर्डिंग हटाने पर भड़की कांग्रेस, कैबिनेट मंत्री से झूमाझटकी, जमकर हंगामा

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) के स्वागत के लिए फूलबाग चौराहे पर लगे पोस्टर बैनर प्रशासन द्वारा हटाये जाने पर हंगामा हो गया। गुस्साई कांग्रेस (Congress) चौराहे के पास धरने पर बैठ गई। थोड़ी देर मे हालात इतने बिगड़ गए कि एक ज्ञापन लेने फूलबाग आये ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर (Pradyuman Singh Tomar) के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झूमाझटकी कर दी। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस ने मंत्री को सुरक्षा देकर सुरक्षित निकाला।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 18 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर ग्वालियर आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में होर्डिंग बैनर लगाए हैं। आज निगम प्रशासन ने फूलबाग चौराहे पर लगे होर्डिंग बैनर हटा दिया। जिसकी खबर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को लगी तो वे आक्रोशित हो गए और फूलबाग चौराहे पर पहुँच गए । सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री एवं विधायक लाखन सिंह, प्रदेश महासचिव एवं ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा सहित कई कार्यकर्ता और नेता पहुँच गए और धरने पर बैठ गए।चौराहे पर थोड़ी ही देर में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रद्युम्न सिंह तोमर और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

फूलबाग पहुंचे मंत्री तोमर को कांग्रेसियों ने घेरा, की झूमाझटकी

जिस समय कांग्रेसियों का हंगामा चल रहा था उसी समय ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मांझी समाज के धरने पर ज्ञापन लेने पहुंचे। मंत्री को देखते ही कांग्रेसी और आक्रोशित हो गए और और उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि कांग्रेसियों ने मंत्री के साथ झूमाझटकी भी कर दी। मंत्री भी गुस्से में दिखाई दिये। मंत्री के साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने बहुत मुश्किल से मंत्री को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित उनकी गाड़ी तक पहुंचाया।

कांग्रेस बोली- भाजपा की बौखलाहट, मंत्री ने कहा- मेरा नही जनता का अपमान 

पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा (Sunil Sharma) ने कहा कि ये भाजपा और उनके मंत्रियों की बौखलाहट है, भाजपा डर रही है, वो हमारे पोस्टर बैनर हटवा सकती है लेकिन लोगों के दिलों में बसी कांग्रेस को नहीं हटा सकते। उधर अपने साथ कांग्रेसियों द्वारा की गई बद सलूकी पर मंत्री तोमर ने कहा कि मेरा कोई अपमान नहीं हुआ। मैं जनता का सेवक हूँ ।गुंडा गर्दी कर रहे कांग्रेसियों ने जनता का अपमान किया है। रही बात होर्डिंग हटाने की तो कोई होर्डिंग नहीं हटाई जो अवैध तरीके से बिना अनुमति लगे थे उसे निगम प्रशासन ने हटाया है। बहरहाल सुरक्षा कर्मियों ने मंत्री को कोई नुकसान नहीं होने दिया लेकिन आज के हंगामे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के गुस्से को देखकर समझा जा सकता है कि उप चुनाव हंगामाखेज होगा।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews